नर्तकी से दुष्कर्म मामले में पुलिस का शिकंजा तेज, एक आरोपी गिरफ्तार; चार के घर ढोल-नगाड़े के साथ चिपकाया इश्तिहार, अब कुर्की की तैयारी
सिवान। बिहार के सीवान जिले में ऑर्केस्ट्रा में काम करने वाली एक नर्तकी से कथित दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने फरार आरोपियों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। एक आरोपी की गिरफ्तारी के बाद भी चार आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। लगातार छापेमारी के बावजूद गिरफ्तारी नहीं होने पर अब पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर उनके घरों पर इश्तिहार चिपकाया है।
रविवार को महाराजगंज थाना पुलिस ढोल-नगाड़े के साथ भगौछा और नेरुआ गांव पहुंची। यहां फरार आरोपियों के घरों पर इश्तिहार चिपकाकर उन्हें निर्धारित कानूनी प्रक्रिया के तहत न्यायालय में उपस्थित होने का निर्देश दिया गया। पुलिस की इस कार्रवाई को देखने के लिए गांव में लोगों की भीड़ जुट गई।
24 सितंबर की रात नहर के पास वारदात का आरोप
मामले की शुरुआती जानकारी के अनुसार, घटना 24 सितंबर की रात की है। पीड़िता सारण जिले की एक ऑर्केस्ट्रा कंपनी से जुड़ी बताई गई है। आरोप है कि उसे ऑर्केस्ट्रा कार्यक्रम में ले जाने का झांसा देकर महाराजगंज थाना क्षेत्र के बगौछा नहर के समीप सुनसान स्थान पर ले जाया गया। वहां चार लोगों ने उसके साथ कथित रूप से सामूहिक दुष्कर्म किया। घटना के बाद पीड़िता किसी तरह वहां से निकलकर पुलिस के पास पहुंची।
पीड़िता की शिकायत पर 25 सितंबर को महाराजगंज थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए सीवान एसपी भारत सोनी ने स्थानीय डीएसपी के साथ घटनास्थल का निरीक्षण भी किया था। पुलिस ने जांच के लिए विशेष टीम गठित कर आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास शुरू किए थे।
एक आरोपी जेल में, चार की तलाश जारी
पुलिस ने इस मामले में सारण जिले के जनता बाजार थाना क्षेत्र के दंदासपुर निवासी दिनेश साह को गिरफ्तार किया था। वहीं, अब भी फरार चल रहे चार आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है। फरार आरोपियों की पहचान दीपू कुमार यादव, भीम कुमार यादव, बोल बम शुक्ला और रोहित यादव के रूप में हुई है।तीन आरोपी भगौछा गांव के रहने वाले हैं, जबकि रोहित यादव नेरुआ गांव का निवासी बताया गया है।
इश्तिहार के बाद अब कुर्की की तैयारी
महाराजगंज थानाध्यक्ष विजय कुमार चौधरी के अनुसार, आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई बार छापेमारी की गई, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद न्यायालय से इश्तिहार जारी कराने का अनुरोध किया गया था। आदेश मिलने पर पुलिस ने रविवार को आरोपियों के घरों पर इश्तिहार चिपकाया।थानाध्यक्ष ने बताया कि निर्धारित कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद भी यदि आरोपी न्यायालय में उपस्थित नहीं होते हैं तो उनके खिलाफ कुर्की-जब्ती की कार्रवाई के लिए न्यायालय से अनुमति मांगी जाएगी। फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।

