इंद्रपुरी गोलीकांड का खुलासा: छह आरोपी गिरफ्तार, बिना नंबर की फॉर्च्यूनर भी जब्त
राँची। राजधानी राँची में 18 लाख रुपये के लेन-देन को लेकर हुए विवाद में मिथिलेश कुमार महतो उर्फ छोटू की गोली मारकर हत्या किए जाने के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। सुखदेवनगर थाना क्षेत्र के इंद्रपुरी रोड नंबर-1 में हुई इस सनसनीखेज वारदात में पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 11 मोबाइल फोन, एक काले रंग की बिना रजिस्ट्रेशन नंबर वाली फॉर्च्यूनर कार, एक सफेद रंग की कार और एक स्कूटी बरामद की गई है। पुलिस को घटनास्थल से गोली का खोखा भी मिला है।
पुलिस के अनुसार, 18 और 19 नवंबर की दरम्यानी रात इंद्रपुरी रोड नंबर-1 में गोलीबारी की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस गश्ती दल और पीसीआर की टीम मौके पर पहुंची। जांच में पता चला कि इंद्रपुरी, सुखदेवनगर निवासी मिथिलेश कुमार (पिता जग नारायण महतो) को उनके घर के पास ही अपराधियों ने सिर में गोली मार दी थी। गंभीर रूप से घायल मिथिलेश को तत्काल बेहतर इलाज के लिए रिम्स ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
18 लाख रुपये के लेन-देन को लेकर था विवाद
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक, राँची के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर के नेतृत्व में कार्रवाई की गई। सहायक पुलिस अधीक्षक कोतवाली निखिल राय के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर मामले का अनुसंधान शुरू किया गया।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे 18 लाख रुपये का विवाद सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, 18 लाख रुपये उधार वापस नहीं करने को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा था। इसी विवाद में मिथिलेश कुमार की हत्या किए जाने की बात प्रारंभिक अनुसंधान में सामने आई है। हालांकि, हत्या की पूरी साजिश और वारदात में प्रत्येक आरोपी की भूमिका को लेकर पुलिस आगे की जांच कर रही है।
छह आरोपी गिरफ्तार, कई के खिलाफ पहले से मामले दर्ज
पुलिस ने प्राप्त आसूचना, तकनीकी सहायता और अन्य स्रोतों से मिली जानकारी के आधार पर कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार है:
अभिषेक कुमार उर्फ लल्लू (39), निवासी डायमंड फील्ड, धुर्वा।
विवेक कुमार उर्फ छोटू (33), निवासी शर्मा रोड, धुर्वा।
आयुष कुमार सिंह (23), निवासी आनंदपुरी, हरमू, अरगोड़ा।
नितिन गुप्ता (28), निवासी आनंदपुरी कॉलोनी, हरमू।
राहुल कुमार (23), निवासी न्यू मधुकम, सुखदेवनगर।
रोहित सिंह उर्फ देवा (26), निवासी न्यू विद्यानगर, हरमू।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में कुछ का पहले से आपराधिक इतिहास रहा है। आयुष कुमार सिंह के खिलाफ लालपुर थाना में वर्ष 2023 में मारपीट, हत्या के प्रयास और धमकी से संबंधित मामला दर्ज है। वहीं, कोतवाली थाना में भी उसके खिलाफ हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज है। नितिन गुप्ता के खिलाफ सुखदेवनगर थाना में वर्ष 2024 में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज होने की जानकारी दी गई है।
फॉर्च्यूनर, कार, स्कूटी और 11 मोबाइल जब्त
पुलिस की बरामदगी की सूची में शामिल हैं—
11 मोबाइल फोन।
एक काले रंग की बिना रजिस्ट्रेशन नंबर वाली फॉर्च्यूनर कार।
एक सफेद रंग की कार, रजिस्ट्रेशन नंबर JH01DT8606।
एक काले रंग की स्कूटी, रजिस्ट्रेशन नंबर JH01DQ9573।
घटनास्थल से बरामद गोली का खोखा।
कई थाना प्रभारियों की टीम ने की कार्रवाई
इस हत्याकांड के उद्भेदन और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए गठित टीम में सहायक पुलिस अधीक्षक कोतवाली निखिल राय के अलावा कोतवाली थाना के प्रभारी सनोज कुमार चौधरी, बरियातू थाना प्रभारी प्रकाश रजक, लोअर बाजार थाना प्रभारी लव कुमार सिंह, धुर्वा थाना प्रभारी अनिल कुमार तिवारी और सुखदेवनगर थाना प्रभारी सुनील कुमार कुशवाहा शामिल थे।
पुलिस के मुताबिक, इस मामले में अभी कुछ अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी है।वहीं गोली चलाने वाले आरोपी भी पुलिस की पकड़ से दूर है।
फिलहाल 18 लाख रुपये के विवाद में हुई इस हत्या के मामले में छह आरोपियों की गिरफ्तारी को पुलिस बड़ी सफलता मान रही है। अब पुलिस की जांच का फोकस हत्या की पूरी साजिश, गोली चलाने वाले की पहचान और अन्य संलिप्त लोगों तक पहुंचने पर है।
40 लाख की मांग, धमकी और फिर कत्ल…राँची में सूदखोरी विवाद ने ली युवक की जान…

