पति की मौत, पत्नी का गुस्सा और सड़क पर संग्राम… देवघर में पुलिस के खिलाफ फूटा ग्रामीणों का आक्रोश

–जमीन विवाद में घायल शंभू यादव ने एम्स में तोड़ा दम, दो आरोपियों की गिरफ्तारी पर अड़े ग्रामीण; पुलिस पर पहले से शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं करने का आरोप

देवघर। झारखण्ड के देवघर जिले में जमीन विवाद ने खूनी रूप ले लिया। मारपीट में गंभीर रूप से घायल शंभू यादव की इलाज के दौरान मौत के बाद सिरसिया गांव में जबरदस्त आक्रोश फैल गया। पति की मौत से टूट चुकी पत्नी का गुस्सा उस समय फूट पड़ा, जब ग्रामीणों को समझाने पहुंचे सारवां थाना प्रभारी के सामने उन्होंने उनका कॉलर पकड़ लिया और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करने लगीं। देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया। आक्रोशित ग्रामीणों और पुलिस के बीच धक्कामुक्की भी हुई।

मामला सारवां थाना क्षेत्र के सिरसिया गांव का है। बताया जाता है कि गांव में पिछले कुछ दिनों से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद के दौरान राजेश यादव और सुखदेव यादव पर शंभू यादव के साथ मारपीट कर उन्हें गंभीर रूप से घायल करने का आरोप है। घायल शंभू को पहले अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए एम्स रेफर कर दिया गया। वहां दो दिनों तक जिंदगी और मौत के बीच जूझने के बाद उन्होंने दम तोड़ दिया।

पति की मौत के बाद सड़क पर उतरे ग्रामीण

शंभू यादव की मौत की खबर गांव पहुंचते ही परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। आरोपियों राजेश यादव और सुखदेव यादव की गिरफ्तारी की मांग को लेकर लोगों ने सारवां-सारठ मुख्य मार्ग पर जाम लगा दिया। बाद में तिनबाटांड़ मोड़ के पास शव रखकर भी प्रदर्शन किया गया। परिजन आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे।

पुलिस पर लापरवाही और आरोपियों को संरक्षण देने का आरोप

घटना के बाद ग्रामीणों ने स्थानीय पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए। उनका आरोप है कि शंभू यादव की पत्नी ने पहले ही थाना प्रभारी को जमीन विवाद और संभावित खतरे की जानकारी दी थी, लेकिन समय रहते कार्रवाई नहीं की गई। ग्रामीणों का दावा है कि आरोपियों की ओर से गवाही देने वालों को भी जान से मारने की धमकी दी जा रही थी।

ग्रामीणों का कहना है कि इस संबंध में अंचल कार्यालय, थाना, सीओ, एसडीओ और उपायुक्त तक शिकायत की गई थी। इसके बावजूद विवाद का समाधान नहीं हो सका। प्रदर्शनकारियों ने सुखदेव यादव, राजेश यादव और संजय यादव समेत अन्य लोगों पर भी आरोप लगाए हैं।

एसडीपीओ बोले- जांच में सामने आएगी सच्चाई

मामले पर एसडीपीओ कुलदीप कुमार ने बताया कि शुरुआत में पुलिस को दुर्घटना में मौत की सूचना मिली थी, लेकिन बाद में जमीन विवाद के कारण हत्या किए जाने का मामला सामने आया। पुलिस सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है। जांच में जो भी वास्तविक तथ्य सामने आएंगे, उन्हें उजागर किया जाएगा।

शुक्रवार को एनएच-114ए के तिनबाटांड़ मोड़ पर करीब दो घंटे तक सड़क जाम रहा। अधिकारियों के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने जाम हटाया।फिलहाल इस घटना ने जमीन विवाद को लेकर गांव में पहले से चले आ रहे तनाव और पुलिस की भूमिका पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों की मांग है कि मामले की निष्पक्ष जांच हो, दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की जाए और पीड़ित परिवार को न्याय मिले।

 

 

error: Content is protected !!