छठ महापर्व से पहले स्वच्छता के मैदान में उतरी हजारीबाग पुलिस, SP अमन कुमार ने खुद संभाली कमान; झील परिसर के छठ घाटों पर चला सफाई अभियान

 

हजारीबाग।वर्दी में कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी निभाने वाली हजारीबाग पुलिस अब स्वच्छता का संदेश लेकर मैदान में उतरी है। छठ महापर्व 2027 की तैयारियों को लेकर पुलिस ने झील परिसर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक अमन कुमार के नेतृत्व में जिले के पुलिस पदाधिकारियों और जवानों ने खुद सफाई अभियान में हिस्सा लिया तथा झील परिसर स्थित छठ घाटों की साफ-सफाई की। पुलिस की इस पहल का उद्देश्य छठव्रतियों और श्रद्धालुओं को स्वच्छ एवं सुंदर वातावरण उपलब्ध कराने के साथ आम लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना है।

गुरुवार, 12 नवंबर को आयोजित इस अभियान में एसपी अमन कुमार ने पुलिस अधिकारियों और जवानों के साथ झील परिसर पहुंचकर सफाई कार्य का नेतृत्व किया। अभियान के दौरान छठ घाटों और आसपास के क्षेत्रों की सफाई की गई। पुलिसकर्मियों ने सामूहिक रूप से श्रमदान कर यह संदेश देने का प्रयास किया कि स्वच्छता केवल नगर निगम या प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है।

एसपी के नेतृत्व में उतरे पुलिस अधिकारी और जवान

इस विशेष अभियान में पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय, पुलिस उपाधीक्षक सीसीआर, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर और परिचारी प्रवर, पुलिस केंद्र हजारीबाग सहित जिले के विभिन्न पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिसकर्मी शामिल हुए। सभी ने मिलकर झील परिसर के छठ घाटों की सफाई की और स्वच्छता अभियान को सफल बनाने में योगदान दिया।

सिर्फ सुरक्षा नहीं, सामाजिक जिम्मेदारी भी निभा रही पुलिस

छठ महापर्व झारखण्ड सहित पूरे देश में आस्था और पवित्रता का बड़ा पर्व माना जाता है। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु नदी, तालाब और विभिन्न जलाशयों के घाटों पर अर्घ्य अर्पित करने पहुंचते हैं। ऐसे में घाटों की साफ-सफाई और स्वच्छ वातावरण बनाए रखना बेहद जरूरी है। हजारीबाग पुलिस की इस पहल को इसी दिशा में एक सकारात्मक कदम माना जा रहा है।

स्वच्छ हजारीबाग का दिया संदेश

अभियान के माध्यम से पुलिस ने दो संदेशों को प्रमुखता से सामने रखा। पुलिस का नारा है ,”स्वच्छता को अपनाना है, हजारीबाग को सुंदर बनाना है।” वहीं, दूसरा संदेश है— “हम सबका यही है नारा, साफ-सुथरा हो हजारीबाग हमारा।”

हजारीबाग पुलिस की इस पहल ने यह संदेश दिया कि पुलिस की भूमिका केवल अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक सरोकारों और जनहित के कार्यों में भी उसकी महत्वपूर्ण भागीदारी है। छठ महापर्व से पहले चलाया गया यह सफाई अभियान शहरवासियों को भी अपने आसपास के जलाशयों और घाटों को स्वच्छ रखने के लिए प्रेरित करता है।

error: Content is protected !!