राँची के बुढ़मू में गैस टैंकर का तांडव…सड़क किनारे की दो दुकानें पलभर में मलबे में तब्दील, लाखों का नुकसान
राँची।राजधानी राँची के बुढ़मू में हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। बुधवार को ट्रक की चपेट में आने से दो युवकों की मौत के बाद गुरुवार को एक गैस टैंकर ने सड़क किनारे जमकर तबाही मचाई। अनियंत्रित टैंकर सीधे दो दुकानों में जा घुसा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों दुकानें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं और देखते ही देखते दुकानों का सामान मलबे में बिखर गया। गनीमत रही कि इस हादसे में किसी की जान नहीं गई।
जानकारी के अनुसार, बुढ़मू थाना क्षेत्र में चकमे से बुढ़मू की ओर जा रहा गैस टैंकर अचानक चालक के नियंत्रण से बाहर हो गया। सड़क किनारे बनी दो दुकानों को अपनी चपेट में लेते हुए टैंकर उनमें जा घुसा। भारी वाहन की टक्कर से दुकानों को भारी नुकसान पहुंचा। दुकानदारों को लाखों रुपये की आर्थिक क्षति होने की आशंका है।
टैंकर घुसते ही मची अफरा-तफरी
हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। जोरदार आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़े। वहां दुकानों का सामान बिखरा पड़ा था और दोनों दुकानें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी थीं। कुछ ही देर में मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
बाल-बाल बची लोगों की जान
इस हादसे में सबसे बड़ी राहत यह रही कि दुर्घटना के वक्त दोनों दुकानों में न तो दुकानदार मौजूद थे और न ही कोई ग्राहक। दुकानें खुली होतीं और लोग अंदर मौजूद रहते, तो हादसा बेहद भयावह हो सकता था। फिलहाल दुकानदारों के सामने लाखों के नुकसान की चुनौती खड़ी हो गई है।
खराब हुआ टैंकर, मरम्मत के बाद आगे की कार्रवाई
बुंडू थाना प्रभारी नवीन शर्मा ने बताया कि अनियंत्रित गैस टैंकर सड़क किनारे स्थित दुकानों में जा घुसा, जिससे दो दुकानें क्षतिग्रस्त हुई हैं। घटना के समय वहां कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था। टक्कर के कारण टैंकर भी खराब हो गया है। उसे ठीक करवाने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

