आधी रात गोलियों से दहला आम्रपाली कोल क्षेत्र, फायरिंग के बाद राहुल दुबे गैंग ने जारी किया धमकी भरा फरमान
चतरा।झारखण्ड के कोयलांचल में अपराधियों ने एक बार फिर पुलिस और सुरक्षा व्यवस्था को खुली चुनौती दी है। टंडवा के आम्रपाली कोल परियोजना में बुधवार की आधी रात बाइक सवार तीन अपराधियों ने एवीएस कोल ट्रांसपोर्टिंग कंपनी के कार्यालय पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाईं। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि वारदात पीओ कार्यालय के ठीक बगल में हुई, जहां सीआईएसएफ के जवानों की तैनाती रहती है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई। वहीं, गैंगस्टर राहुल दुबे ने सोशल मीडिया पर प्रेस विज्ञप्ति जारी कर इस फायरिंग की जिम्मेदारी ली है।
जानकारी के अनुसार, टंडवा थाना क्षेत्र के होन्हे गांव स्थित कंपनी कार्यालय को बुधवार रात करीब 12:10 बजे अपराधियों ने निशाना बनाया। बाइक पर सवार होकर पहुंचे तीन बदमाशों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। कंपनी के मुंशी राजेश प्रसाद का दावा है कि अपराधियों ने 10 से 12 राउंड गोलियां चलाईं। हालांकि, चतरा एसपी अनिमेष नैथानी ने शुरुआती जांच में दो से तीन राउंड फायरिंग की पुष्टि की है। घटनास्थल से गोली के खोखे भी बरामद किए गए हैं।
CISF की मौजूदगी के बावजूद अपराधियों का दुस्साहस
जिस जगह गोलीबारी की घटना हुई, वह पीओ कार्यालय के ठीक बगल में है और वहां सीआईएसएफ के जवान तैनात रहते हैं। इसके बावजूद अपराधियों ने बेखौफ होकर फायरिंग की और मौके से निकल गए। इस वारदात ने कोयला परियोजना क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
पर्चा जारी कर दी धमकी, रंगदारी नहीं देने पर अंजाम भुगतने की चेतावनी
फायरिंग के बाद सोशल मीडिया पर वायरल प्रेस विज्ञप्ति में राहुल दुबे गैंग ने घटना की जिम्मेदारी ली है। वायरल पर्चे में अमन साहू, मयंक सिंह, प्रकाश शुक्ला और राहुल दुबे गैंग का नाम सामने आया है। विज्ञप्ति में अर्श कुमार और आदित्य को सीधे तौर पर धमकी दी गई है कि वे फोन रिसीव कर मामला मैनेज करें, अन्यथा अगली बार कंपनी के स्टाफ, मुंशी और ड्राइवरों को निशाना बनाया जाएगा। धमकी में रास्ते में खत्म करने तक की बात कही गई है।
इतना ही नहीं, इलाके के कोयला-बालू कारोबारियों और जमीन कारोबार से जुड़े लोगों को भी रंगदारी दिए बिना काम नहीं करने की चेतावनी दी गई है। इस धमकी भरे संदेश के बाद कोयलांचल के कारोबारियों में भय का माहौल है।
आधी रात से एसपी की निगरानी में छापेमारी
घटना की सूचना मिलते ही चतरा एसपी अनिमेष नैथानी पुलिस टीम के साथ सक्रिय हो गए। टंडवा थाना पुलिस और सीआईएसएफ की संयुक्त टीम ने इलाके की घेराबंदी कर अपराधियों की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। फिलहाल अपराधियों की गिरफ्तारी को लेकर अभियान जारी है।
आम्रपाली कोल परियोजना जैसे संवेदनशील इलाके में सुरक्षा बलों की मौजूदगी के बावजूद हुई इस फायरिंग ने एक बार फिर रंगदारी के लिए सक्रिय आपराधिक गिरोहों के बढ़ते दुस्साहस को उजागर कर दिया है।

