मंईयां सम्मान के पैसे ने उजाड़ दिया परिवार.. मोबाइल खरीदने को लेकर पति-पत्नी में विवाद, 28 वर्षीय प्रियंका की मौत; पिता ने लगाया हत्या का आरोप
गोड्डा। मंईयां सम्मान योजना की राशि को लेकर शुरू हुआ विवाद एक परिवार के लिए दर्दनाक त्रासदी बन गया। गोड्डा के महगामा थाना क्षेत्र के मोहानी गांव में 28 वर्षीय विवाहिता प्रियंका कुमारी का शव घर के अंदर मिलने से सनसनी फैल गई। प्रियंका तीन छोटे बच्चों की मां थीं। जहां पुलिस प्रथम दृष्टया इसे आत्महत्या का मामला मान रही है, वहीं मृतका के पिता ने इसे हत्या बताते हुए पति और सास पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
जानकारी के अनुसार, प्रियंका कुमारी की शादी सुनील साह से हुई थी। बताया जा रहा है कि मंईयां सम्मान योजना के तहत मिली राशि को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा था। मृतका के पिता बिट्टू साव का आरोप है कि योजना की राशि से उनके दामाद ने मोबाइल खरीद लिया था। इसी बात को लेकर बुधवार को भी दोनों के बीच विवाद हुआ था।
पिता का सनसनीखेज आरोप, मारपीट के बाद हत्या का दावा
घटना के बाद प्रियंका के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पिता बिट्टू साव का दावा है कि उनके दामाद सुनील साह और समधी पक्ष ने प्रियंका के साथ मारपीट की और फिर फंदे से लटका दिया। हालांकि, ये आरोप हैं और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
बताया जाता है कि घटना के वक्त पति सुनील साह खेत में धान की कटाई कर रहा था, जबकि घर में बच्चे मौजूद थे। आत्महत्या से पहले घर के अंदर कपड़ा जलाने की बात भी सामने आई है। फिलहाल घटना के पीछे की वास्तविक वजह और परिस्थितियों की जांच की जा रही है।
मां का साया उठा, तीन मासूमों का रो-रोकर बुरा हाल
प्रियंका अपने पीछे दो बेटे और एक बेटी छोड़ गई हैं। तीनों बच्चों की उम्र छह वर्ष से कम बताई जा रही है। मां की मौत के बाद मासूम बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस घर में बच्चों की किलकारियां गूंजती थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है।
सूचना मिलने के बाद महगामा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। महगामा थाना प्रभारी अभिनव आनंद ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।

