राँची: BAU कैंपस में 45 लाख की बड़ी चोरी, बंद घर का ताला तोड़ 320 ग्राम सोना, 450 ग्राम चांदी और लाइसेंसी राइफल ले उड़े चोर…

 

राँची। राजधानी राँची में चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाकर ऐसी वारदात को अंजाम दिया है, जिसने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। कांके स्थित बिरसा कृषि विश्वविद्यालय (BAU) के आरएसी कैंपस में चोरों ने विश्वविद्यालय कर्मचारी के आवास का ताला तोड़कर लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। हैरानी की बात यह है कि चोर घर में रखी लाइसेंसी .315 बोर की राइफल भी अपने साथ ले गए। चोरी की इस घटना के बाद कैंपस में हड़कंप मचा हुआ है।मकान विश्वविद्यालय कर्मचारी दीपू उपाध्याय का है। घटना को लेकर कांके थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।

छठ मनाने गांव गए थे, लौटे तो टूटा मिला घर का ताला

दीपू उपाध्याय के अनुसार, वह 13 नवंबर को छठ पूजा मनाने अपने पैतृक गांव कल्याणपुर (भोजपुर, बिहार) गए थे। घर से निकलने से पहले उन्होंने पड़ोसी मोहम्मद मोइज उर्फ सोनू से आवास की निगरानी करने का आग्रह किया था। 19 नवंबर की सुबह करीब पांच बजे जब वह वापस लौटे, तो मुख्य लोहे के दरवाजे की कुंडी टूटी हुई मिली।

घर के अंदर दाखिल होने पर दूसरे कमरे और बड़े बक्से का ताला भी टूटा मिला। सामान फर्श और पलंग पर बिखरा पड़ा था। जांच करने पर पता चला कि चोर घर से कीमती जेवरात और लाइसेंसी हथियार लेकर फरार हो चुके हैं।

सोने-चांदी के जेवरात के साथ राइफल भी गायब

चोरों ने करीब 320 ग्राम सोने के आभूषण चोरी कर लिए। इनमें हार, चेन, चूड़ियां, अंगूठियां, झुमके, टीका, नथिया और बच्चे का महावीरी लॉकेट शामिल हैं। इसके अलावा करीब 450 ग्राम चांदी के जेवर, पायल और पांच सेट बिछिया भी गायब मिले। घर में रखी लाइसेंसी .315 बोर की राइफल भी चोर अपने साथ ले गए।

डॉग स्क्वायड और FSL ने जुटाए साक्ष्य

घटना की सूचना मिलते ही कांके थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ गुरुवार को मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद डॉग स्क्वायड और FSL की टीम को भी बुलाया गया। दोनों टीमों ने मौके से साक्ष्य जुटाए। पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच में जुटी है।

BAU कैंपस की सुरक्षा पर उठे सवाल

इस घटना ने बिरसा कृषि विश्वविद्यालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को कटघरे में खड़ा कर दिया है। पीड़ित के मुताबिक, कैंपस की सुरक्षा के लिए निजी एजेंसी के गार्ड तैनात हैं। इसके बावजूद परिसर के अंदर स्थित आवास में चोरी हो गई और चोर लाइसेंसी हथियार तक लेकर फरार हो गए। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर चोरों ने इतनी बड़ी वारदात को कैसे अंजाम दिया और चोरी हुई राइफल की बरामदगी कब होगी?

 

error: Content is protected !!