राँची: अस्पताल के महिला शौचालय में नवजात का शव मिलने से सनसनी, CCTV खंगाल रही पुलिस

 

राँची।झारखण्ड की राजधानी राँची के बुंडू अनुमंडल अस्पताल में एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है। अस्पताल के महिला शौचालय के कमोड में नवजात शिशु का शव मिलने से पूरे परिसर में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल प्रबंधन से लेकर पुलिस महकमे तक में अफरा-तफरी मच गई। नवजात को आखिर कौन अस्पताल लेकर आया और शौचालय में उसका शव किसने छोड़ा, यह अब जांच का विषय बन गया है।

जानकारी के अनुसार, गुरुवार को अस्पताल की एक महिला कर्मचारी किसी काम से महिला शौचालय गई थी। इसी दौरान उसकी नजर कमोड के अंदर पड़े नवजात के शव पर पड़ी। शौचालय से दुर्गंध भी आ रही थी। यह भयावह दृश्य देखकर महिला कर्मचारी घबरा गई और तत्काल अन्य कर्मियों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद अस्पताल प्रबंधन को सूचना दी गई।

अस्पताल प्रबंधन ने बिना देर किए बुंडू थाना पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम अस्पताल पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। इसके बाद नवजात के शव को कमोड से बाहर निकलवाकर अपने कब्जे में ले लिया।

बुंडू थाना प्रभारी जयदीप टोप्पो के अनुसार, नवजात लड़का था और प्रथम दृष्टया उसका शव करीब एक से दो दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। पुलिस आज शुक्रवार को शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

घटना के बाद पुलिस अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। जांच का मुख्य बिंदु यह है कि नवजात को अस्पताल परिसर में कौन लेकर आया था और किन परिस्थितियों में उसका शव महिला शौचालय के कमोड में छोड़ दिया गया। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थान पर महिला शौचालय के कमोड में नवजात का शव मिलने की इस घटना ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही इस रहस्यमयी मामले की सच्चाई सामने आ सकेगी।

 

 

error: Content is protected !!