पंचकूला में 10 लाख रुपये रिश्वत लेते CGST अधीक्षक गिरफ्तार, CBI ने रंगेहाथ दबोचा; 50 लाख मांगी थी घूस

–GST कार्रवाई में राहत देने के नाम पर निजी फर्म के साझेदार से की थी रिश्वत की मांग, बाद में 25 लाख रुपये में तय हुआ था सौदा

पंचकूला। केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने हरियाणा के पंचकूला में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर (CGST) के एक अधीक्षक को 10 लाख रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी अधिकारी पर एक निजी फर्म के खिलाफ चल रही GST कार्रवाई में अनुचित लाभ पहुंचाने के एवज में रिश्वत मांगने का आरोप है। CBI ने ट्रैप बिछाकर गुरुवार, 19 नवंबर 2026 को उसे गिरफ्तार किया। रिश्वत की पूरी रकम भी बरामद कर ली गई है।

CBI की आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, एक निजी फर्म के साझेदार ने इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप है कि पंचकूला में तैनात CGST अधीक्षक ने फर्म के खिलाफ चल रही GST कार्रवाई में राहत देने, भारी जुर्माना नहीं लगाने और आगे मांग नोटिस जारी नहीं करने के बदले शिकायतकर्ता से 50 लाख रुपये की अवैध रिश्वत मांगी थी। 

50 लाख से घटाकर 25 लाख रुपये किया था सौदा

शिकायत मिलने के बाद CBI ने 19 नवंबर 2026 को आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया। जांच के दौरान रिश्वत मांगने के आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने बाद में रिश्वत की मांग 25 लाख रुपये कर दी और पहली किस्त के रूप में 10 लाख रुपये लेने पर सहमति जताई।

CBI ने जाल बिछाकर रंगेहाथ पकड़ा

इसके बाद CBI की टीम ने पंचकूला में जाल बिछाया। तय योजना के अनुसार जैसे ही आरोपी अधीक्षक ने शिकायतकर्ता से 10 लाख रुपये की रिश्वत ली, CBI की टीम ने उसे रंगेहाथ पकड़ लिया। मौके से रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली गई। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।CBI ने बताया कि मामले में आगे की जांच जारी है।

बताया जाता है कि आरोपी लवकुश कुमार ने एक निजी फर्म को 25 से 30 करोड़ रुपये के फर्जी जीएसटी इन्वायस पर राहत देने और भारी जुर्माना नहीं लगाने के बदले 50 लाख रुपये रिश्वत की मांग की थी। सीबीआई ने गिरफ्तारी के बाद आरोपी के कब्जे से रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली है।

error: Content is protected !!