राँची: फांसी लगाने की बात कहकर ससुराल वालों ने दी मौत की खबर, शरीर पर मिले चोट के निशान; हत्या के आरोप में पति और सास हिरासत में

 

राँची। जिले के अनगड़ा थाना क्षेत्र के राजाडेरा में 22 वर्षीय विवाहिता जुली कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई है। ससुराल वालों ने मायके पक्ष को सूचना दी कि जुली ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है, लेकिन जब मायके वाले पहुंचे तो शव पर चोट के कई निशान देखकर उनके होश उड़ गए। इसके बाद परिजनों ने पति और ससुराल वालों पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया।

मृतका की पहचान ओरमांझी के तेतरिया टोली निवासी राजेंद्र महतो की पुत्री जुली कुमारी के रूप में हुई है। उसकी शादी करीब दो साल पहले राजाडेरा निवासी मोतीलाल महतो के साथ हुई थी। बुधवार की रात उसकी मौत की खबर मायके वालों को फोन पर दी गई थी। ससुराल पक्ष की ओर से इसे आत्महत्या बताया गया, जबकि शरीर पर मिले चोट के निशानों ने पूरे मामले को संदिग्ध बना दिया है।

घटना की खबर फैलते ही ओरमांझी से बड़ी संख्या में महिलाएं अनगड़ा थाना पहुंच गईं। आक्रोशित महिलाओं ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए जमकर विरोध जताया और उन्हें फांसी देने की मांग की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मृतका के पति मोतीलाल महतो और उसकी मां को हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही महिला की मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।

error: Content is protected !!