राँची की मतदाता सूची में 95% से ज्यादा सत्यापन पूरा, तमाड़ ने मारी बाजी, राँची विधानसभा सबसे पीछे

–30 नवंबर तक दावा-आपत्तियों का निपटारा करने का निर्देश, किसी योग्य मतदाता का नाम नहीं छूटेगा

राँची। झारखण्ड में विशेष गहन मतदाता पुनरीक्षण अभियान के तहत राँची जिले में तेजी से काम चल रहा है। ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल कुल 19,79,987 मतदाताओं में से 18,84,249 मतदाताओं का सत्यापन पूरा कर लिया गया है। यानी जिले में अब तक 95.17 प्रतिशत मतदाता अंतिम प्रकाशन के लिए सुरक्षित किए जा चुके हैं।

इस मामले में तमाड़ विधानसभा क्षेत्र सबसे आगे है, जहां 98.32 प्रतिशत मतदाताओं का सत्यापन पूरा हो चुका है। वहीं सिल्ली 97.35 प्रतिशत के साथ दूसरे और माण्डर 97.09 प्रतिशत के साथ तीसरे स्थान पर है।

गुरुवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 के कार्यों की समीक्षा बैठक हुई। इसमें सभी विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचन निबंधन पदाधिकारी (ERO), सहायक निर्वाचन निबंधन पदाधिकारी (AERO), जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि 30 नवंबर 2026 तक दावा-आपत्ति से जुड़े सभी मामलों की सुनवाई हर हाल में पूरी कर ली जाए। उन्होंने अधिकारियों को मतदाता सूची की शुद्धता, पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने को कहा।

कम फॉर्म-6 वाले बूथों पर अधिकारियों की नजर

उपायुक्त ने उन मतदान केंद्रों पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया, जहां फॉर्म-6 कम प्राप्त हुए हैं। संबंधित एईआरओ को खुद क्षेत्र में जाकर समीक्षा करने और पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए जागरूक करने को कहा गया है। निर्देश दिया गया कि कोई भी योग्य नागरिक मतदाता बनने से वंचित नहीं रहना चाहिए।

बीएलओ की जांच में लापरवाही बर्दाश्त नहीं

होम-टू-रोल जांच को गंभीरता से पूरा करने का निर्देश देते हुए उपायुक्त ने कहा कि ईआरओ और एईआरओ भी नियमित रूप से इसकी निगरानी करें। जिन मतदाताओं ने अब तक जरूरी दस्तावेज जमा नहीं किए हैं, उनसे संपर्क कर दस्तावेज प्राप्त करने की जिम्मेदारी बीएलओ सुपरवाइजर को सौंपी गई है। इसके अलावा सभी मतदान केंद्रों और प्रखंड कार्यालयों में एएसडीडी सूची प्रकाशित करने का निर्देश दिया गया है।

विधानसभा वार सत्यापन की स्थिति

– तमाड़: 1,87,014 में से 1,83,879 (98.32%)
– सिल्ली: 1,95,803 में से 1,90,605 (97.35%)
– माण्डर:3,28,691 में से 3,19,129 (97.09%)
– खिजरी: 2,98,357 में से 2,84,261 (95.28%)
– कांके: 3,60,774 में से 3,43,154 (95.12%)
– हटिया:3,66,919 में से 3,40,212 (92.72%)
– राँची:2,42,429 में से 2,23,009 (91.99%)

उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समय-सीमा में पुनरीक्षण का काम पूरा करने का निर्देश दिया। प्रशासन का जोर इस बात पर है कि मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन में कोई त्रुटि न रहे और कोई भी पात्र मतदाता अपने मताधिकार से वंचित न हो।

 

 

error: Content is protected !!