राँची में भीषण सड़क हादसा, ब्रेजा और बोलेरो की आमने-सामने टक्कर; दोनों गाड़ियों के उड़े परखच्चे, फादर समेत कई घायल

 

–गुमला से मांदर खरीदकर लौट रहे थे बोलेरो सवार, पिंडारकोम में सामने से आ गई ब्रेजा; पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया

राँची। राजधानी राँची के नामकुम इलाके में गुरुवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। खरसीदाग ओपी क्षेत्र के पिंडारकोम में मारुति ब्रेजा और बोलेरो के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और गाड़ियों के परखच्चे उड़ गए। हादसे में बोलेरो पर सवार फादर गाबेरियल समेत कई लोग घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, बोलेरो में एटीसी बगईचा के रहने वाले फादर गाबेरियल और अन्य लोग सवार थे। सभी लोग गुमला से मांदर खरीदकर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान पिंडारकोम के पास विपरीत दिशा से तेज गति में आ रही ब्रेजा कार से बोलेरो की सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद दोनों वाहनों में सवार लोगों के बीच चीख-पुकार मच गई।

बताया जा रहा है कि ब्रेजा कार में एक युवक और एक युवती सवार थे। कार सवार दोनों लोग नामकुम के चायने गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं। हादसे में उन्हें भी चोटें आने की सूचना है।

पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया

दुर्घटना की सूचना मिलते ही खरसीदाग ओपी की पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया और तत्काल तुपुदाना स्थित देवनिका अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां उनका इलाज चल रहा है।

हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को देखकर टक्कर की भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता था। फिलहाल दुर्घटना के कारणों और घायलों की स्थिति को लेकर विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

 

 

error: Content is protected !!