हजारीबाग जिले में फिर गोलियों की गूंज, होटल के बाहर फायरिंग से मचा हड़कंप; अपराधियों के पीछे दौड़ी पुलिस
–चौपारण में फायरिंग के बाद चतरा रोड की ओर भागे हमलावर, कटकमसांडी इलाके में घेराबंदी की सूचना; एक रात पहले केरेडारी में ऋत्विक कंपनी के गेट पर हुई थी गोलीबारी
हजारीबाग। जिले में अपराधियों ने पुलिस को खुली चुनौती दे दी है। 24 घंटे के भीतर गोलीबारी की दो अलग-अलग घटनाओं से हजारीबाग में दहशत का माहौल है। बुधवार देर रात केरेडारी में ऋत्विक कंपनी के मुख्य गेट पर फायरिंग के बाद गुरुवार रात चौपारण थाना क्षेत्र के सरदारपुर स्थित एके इंटरनेशनल होटल के बाहर अपराधियों ने गोलियां बरसाकर सनसनी फैला दी।
गुरुवार रात होटल के आसपास लोग अपने कामकाज में व्यस्त थे, तभी अचानक गोलियों की तड़तड़ाहट से पूरा इलाका गूंज उठा। फायरिंग की आवाज सुनते ही आसपास अफरा-तफरी मच गई। घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से भाग निकले।
गोलीबारी की सूचना मिलते ही चौपारण थाना प्रभारी पंकज कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके का मुआयना किया और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की। इसके बाद अपराधियों की तलाश में पुलिस ने पीछा शुरू कर दिया।
चतरा रोड से कटकमसांडी की ओर भागे अपराधी!
प्रारंभिक सूचना के मुताबिक, फायरिंग के बाद अपराधी चौपारण से चतरा रोड की ओर भागे और कटकमसांडी इलाके में प्रवेश कर गए। पुलिस उनकी घेराबंदी में जुटी है। यह भी सूचना है कि भागने के दौरान अपराधियों ने कहीं अपनी बाइक छोड़ दी और पैदल फरार होने की कोशिश की। पुलिस की अलग-अलग टीमें उनकी तलाश में जुटी हैं। हालांकि, अपराधियों की गिरफ्तारी को लेकर अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
एक रात पहले ऋत्विक कंपनी के गेट पर बरसाई थीं गोलियां
हजारीबाग में गोलीबारी की यह पहली घटना नहीं है। इससे ठीक एक रात पहले बुधवार देर रात केरेडारी थाना क्षेत्र में स्थित ऋत्विक कंपनी के मुख्य गेट पर अज्ञात अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की थी। इस घटना से कंपनी के कर्मचारियों और आसपास के ग्रामीणों में दहशत फैल गई थी।
इस फायरिंग के बाद सोशल मीडिया पर एक कथित प्रेस रिलीज वायरल हुई थी, जिसमें राहुल दुबे गैंग ने हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया था। वायरल संदेश में कंपनी के गेट पर 8 से 10 राउंड गोलियां चलाने की बात कही गई थी। साथ ही गैंग ने इसे महज ट्रेलर बताते हुए कंपनी प्रबंधन को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी थी।

