अररिया में खुशियों का सफर बना मौत का सफर, नहर में समाई स्कॉर्पियो; छह लोगों की दर्दनाक मौत, एक जिंदगी और मौत से जूझ रहा

अररिया।बिहार के अररिया में बुधवार की देर रात एक ऐसा हादसा हुआ, जिसने छह परिवारों की खुशियां छीन लीं। तिलक समारोह में शामिल होकर हंसी-खुशी अपने घर लौट रहे सात लोगों की स्कॉर्पियो अचानक अनियंत्रित होकर गहरे पानी से भरी नहर में जा गिरी। हादसा इतना भयावह था कि वाहन में सवार लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। इस दुर्घटना में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है।

हादसा बैरगाछी-सिकटी मुख्य मार्ग पर ताराबाड़ी थाना क्षेत्र के बीड़ी पुल के समीप हुआ। बताया जाता है कि स्कॉर्पियो तेज रफ्तार में थी। पुल के पास तीखे मोड़ पर चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और गाड़ी सीधे नहर में जा समाई। अचानक हुई इस घटना के बाद आसपास अफरा-तफरी मच गई।

तिलक की खुशियों के बाद घर लौट रहे थे सभी

जानकारी के अनुसार, स्कॉर्पियो में सवार सभी सात लोग सुपौल जिले के पिपरा प्रखंड के थुमहा गांव के रहने वाले थे। सभी अररिया के सिकटी प्रखंड अंतर्गत ढेडुआ पंचायत के भपटिया गांव में आयोजित तिलक समारोह में शामिल होने गए थे। समारोह समाप्त होने के बाद वे स्कॉर्पियो से वापस अपने गांव लौट रहे थे। लेकिन रास्ते में बीड़ी पुल के समीप काल बनकर आए हादसे ने पूरे सफर को मातम में बदल दिया।

नहर में डूबी गाड़ी, ग्रामीणों ने पुलिस के साथ चलाया रेस्क्यू

हादसे की खबर मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर जुट गए। ताराबाड़ी थाना पुलिस भी पहुंची। ग्रामीणों और पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद नहर में डूबी स्कॉर्पियो से सभी सात लोगों को बाहर निकाला। आनन-फानन में सभी को सदर अस्पताल, अररिया पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने छह लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति का इलाज जारी है।

छह परिवारों में मचा कोहराम

एक ही हादसे में छह लोगों की मौत की खबर मिलते ही सुपौल के थुमहा गांव से लेकर अररिया के भपटिया गांव तक शोक की लहर दौड़ गई। जिस तिलक समारोह में कुछ घंटे पहले तक खुशियां और उत्साह था, वहां अब मातम पसरा है। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

एसपी जितेंद्र कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि तिलक समारोह से लौट रही स्कॉर्पियो बीड़ी पुल के समीप अनियंत्रित होकर नहर में गिर गई थी। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से सातों लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां छह लोगों की मौत हो गई। एक घायल का इलाज चल रहा है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

मृतकों की पहचान भी सामने आई

हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान 28 वर्षीय कुंदन यादव, 22 वर्षीय मुन्ना कुमार, 20 वर्षीय आदित्य, 16 वर्षीय यश कुमार, 15 वर्षीय आर्यन और 15 वर्षीय सौरभ के रूप में हुई है। सभी सुपौल जिले के थुमहा गांव के निवासी थे। मृतकों में चार नाबालिग भी शामिल हैं।

 

error: Content is protected !!