राँची: चोरी के तीन मवेशियों को मैजिक वाहन से ले जा रहा था वध के लिए, पुलिस ने चालक को दबोचा
राँची।राजधानी राँची में मवेशी चोरी और अवैध तस्करी का मामला सामने आया है। नामकुम थाना क्षेत्र में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन मवेशियों को बरामद किया है। मवेशियों को मैजिक वाहन में बेरहमी से बांधकर वध के लिए डोरंडा ले जाया जा रहा था। पुलिस ने मौके से वाहन चालक को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान नामकुम थाना क्षेत्र के अमेठिया नगर निवासी अमित कुमार सिंह (25 वर्ष) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, बुधवार 18 नवंबर की शाम करीब छह बजे वरीय पुलिस अधीक्षक राँची को गुप्त सूचना मिली थी कि राजाउलातु से कुटियातू चौक होते हुए एक मैजिक वाहन में तीन मवेशियों को क्रूरतापूर्वक बांधकर डोरंडा ले जाया जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए ग्रामीण एसपी के नियंत्रण एवं डीएसपी मुख्यालय-1 के मार्गदर्शन में विशेष छापेमारी टीम गठित की गई।टीम ने नामकुम चौक होते हुए कुटियातू की ओर घेराबंदी की। इसी दौरान 89 सेना ग्राउंड कुटियातू के पास संदिग्ध मैजिक वाहन (JH01EN 0520) आता दिखाई दिया। पुलिस ने वाहन रोकने का इशारा किया तो चालक गाड़ी छोड़कर भागने लगा। हालांकि, पुलिस बल ने पीछा कर उसे पकड़ लिया।
पूछताछ में चालक ने अपनी पहचान अमित कुमार सिंह के रूप में बताई। वाहन की तलाशी लेने पर अंदर तीन मवेशी बेहद क्रूर तरीके से बंधे मिले। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने पूछताछ में बताया कि तीनों मवेशियों को चोरी कर वध के लिए डोरंडा ले जाया जा रहा था।
पुलिस ने मैजिक वाहन, तीनों मवेशियों और आरोपी के पास से एक रेडमी 5G मोबाइल फोन जब्त किया है। इस मामले में नामकुम थाना कांड संख्या 329/26, दिनांक 18 नवंबर 2026 के तहत बीएनएस की धारा 303(2), पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 और झारखण्ड गोवंशीय पशु वध प्रतिषेध अधिनियम 2005 की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई के लिए भेजा जा रहा है। मामले का अनुसंधान जारी है।
छापेमारी टीम में डीएसपी मुख्यालय-1, नामकुम थाना के पुलिस अवर निरीक्षक जयदेव सराक, टाटीसिल्वे थाना के पुलिस अवर निरीक्षक प्रवीण कुमार, नामकुम थाना के सहायक अवर निरीक्षक तारकेश्वर प्रसाद केशरी और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

