रामगढ़ में दर्दनाक हादसा, दामोदर नदी में डूबकर दो किशोरों की मौत,परिवार में मचा कोहराम

 

रामगढ़। छठ महापर्व की खुशियां मनाने बिहार से झारखण्ड आए एक परिवार के लिए बुधवार का दिन जिंदगी का सबसे काला दिन बन गया। घर में पर्व की रौनक थी, परिवार के लोग साथ थे, लेकिन दामोदर नदी में नहाने के दौरान हुए एक हादसे ने पलभर में सबकुछ उजाड़ दिया। नदी के गहरे पानी में डूबने से दो नाबालिग किशोरों की दर्दनाक मौत हो गई। जिन बच्चों के साथ परिवार छठ की खुशियां मनाने आया था, उन्हीं की मौत की खबर से पूरे परिवार में चीख-पुकार मच गई।

यह हृदयविदारक हादसा रामगढ़ थाना क्षेत्र के सिरका स्थित जीएम ऑफिस चूना भट्ठा के समीप दामोदर नदी में हुआ। मृतकों की पहचान शिवम पासवान (14), पिता अजय पासवान और छोटू पासवान (15), पिता संजय पासवान के रूप में हुई है। दोनों बिहार के औरंगाबाद जिले के भुवपुर, जमुहोर के रहने वाले थे।

 

मिली जानकारी के अनुसार, दोनों किशोर छठ महापर्व मनाने के लिए अपने परिवार के साथ सिरका स्थित जीएम ऑफिस चूना भट्ठा में अपनी बहन के घर आए हुए थे। पर्व समाप्त होने के बाद बुधवार को परिवार के सभी लोग दामोदर नदी में नहाने पहुंचे थे। इसी दौरान शिवम और छोटू नहाते-नहाते नदी के गहरे पानी में चले गए। देखते ही देखते दोनों डूबने लगे।

दोनों को पानी में डूबता देख परिवार के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद लोगों ने शोर मचाया और बचाव के प्रयास शुरू किए, लेकिन तब तक दोनों किशोर गहरे पानी में समा चुके थे।

त

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और रामगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद गोताखोरों की मदद से नदी में दोनों किशोरों की तलाश शुरू की गई। काफी मशक्कत के बाद दोनों को नदी से बाहर निकाला गया और आनन-फानन में सदर अस्पताल रामगढ़ पहुंचाया गया। हालांकि, वहां चिकित्सक डॉ. अमित कुमार ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।डॉ. अमित कुमार ने बताया कि अस्पताल में दो बच्चों को लाया गया था। जांच के दौरान दोनों की मौत की पुष्टि हुई।

 

रामगढ़ थाना प्रभारी गजेंद्र पांडे ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची थी। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों बच्चों को नदी से निकालकर अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।दोनों किशोर बिहार के औरंगाबाद जिले के भुवपुर, जमुहोर के रहने वाले थे। इस हादसे के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। छठ महापर्व की खुशियां मनाने आया परिवार अब अपने बच्चों के शव के साथ लौटने की पीड़ा झेल रहा है। जिस घर में कुछ देर पहले पर्व की खुशियां थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है। दामोदर नदी का यह हादसा पूरे इलाके को झकझोर गया है।

error: Content is protected !!