लेवी के लिए गोलियों की गूंज से दहलाने की थी तैयारी, निर्माण साइट बनी थी निशाने पर,पलामू में राहुल दुबे गैंग के चार गुर्गे गिरफ्तार
पलामू।निर्माण साइट पर दहशत फैलाकर लेवी वसूलने की तैयारी थी। निशाने पर लहलहे में चल रहा निर्माण कार्य था और इसके लिए हथियारों के साथ अपराधियों की टोली भी तैयार थी। लेकिन वारदात को अंजाम देने से पहले ही पुलिस ने मंगरदाहा घाटी में घेराबंदी कर राहुल दुबे गैंग के चार संदिग्ध गुर्गों को दबोच लिया। इनके पास से दो देशी पिस्टल, दो मैगजीन, 12 जिंदा गोलियां, एक खोखा और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
बुधवार को पुलिस सभागार में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पलामू एसपी कपिल चौधरी ने पूरे मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि 17 नवंबर की रात पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध अपराधी अवैध हथियारों के साथ मंगरदाहा घाटी में घूम रहे हैं। आशंका थी कि वे किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं।
सूचना मिलते ही एसपी के निर्देश पर सदर एसडीपीओ राजेश यादव के नेतृत्व में विशेष छापामारी टीम बनाई गई। पुलिस टीम ने मंगरदाहा घाटी स्थित कचड़ा डिपो के पास घेराबंदी की। इस दौरान पुलिस को देखकर भागने की कोशिश कर रहे चार युवकों को खदेड़कर पकड़ लिया गया। तलाशी लेने पर उनके पास से हथियार और गोलियां मिलीं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चैनपुर थाना क्षेत्र के शाहपुर निवासी सईद मोसाहिद उर्फ छोटू, मो. सैफ, बंजारी निवासी युसुफ अंसारी और शाहपुर निवासी शाहिद खलीफा के रूप में हुई है।
लहलहे की निर्माण साइट पर फायरिंग कर लेवी वसूलने की थी योजना
एसपी कपिल चौधरी के मुताबिक, पूछताछ के दौरान सईद मोसाहिद उर्फ छोटू ने राहुल दुबे गैंग के लिए काम करने की बात स्वीकार की। पुलिस के अनुसार, आरोपियों की योजना लहलहे में संचालित निर्माण साइट पर पहुंचकर फायरिंग करने और दहशत फैलाकर लेवी मांगने की थी। हालांकि, इससे पहले ही पुलिस ने उनकी योजना पर पानी फेर दिया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार सईद मोसाहिद उर्फ छोटू का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ चैनपुर थाना में कांड संख्या 228/25 दर्ज है। पुलिस अब आरोपियों के नेटवर्क और गैंग से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
छापामारी दल में सदर एसडीपीओ राजेश यादव, चैनपुर थाना प्रभारी लाल जी सहित चैनपुर थाना के अन्य पुलिस पदाधिकारी और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

