राँची के हटिया में 8 साल की मासूम से दरिंदगी: किराए के मकान में ले जाकर युवक ने किया दुष्कर्म, पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज

-चार घंटे तक अपने साथ रखने के बाद बच्ची को वापस छोड़ा, दर्द होने पर मासूम ने मां को बताई आपबीती

-जगन्नाथपुर थाना पुलिस ने बीएनएस और पॉक्सो एक्ट की गंभीर धाराओं में दर्ज की प्राथमिकी, जांच शुरू

राँची।राजधानी राँची के जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत हटिया इलाके से इंसानियत को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है। यहां 8 वर्षीय एक मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म और छेड़छाड़ की वारदात को अंजाम दिया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जगन्नाथपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और पॉक्सो एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है।

जानिए क्या है पूरा मामला

पीड़िता की मां (मूल रूप से गुमला जिले की निवासी, जो वर्तमान में हटिया के कल्याणपुर इलाके में रहती हैं) ने जगन्नाथपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। आवेदन के अनुसार, घटना 16 नवंबर 2026 की है। आरोप है कि चांदनी चौक, हटिया स्थित एक किराए के मकान में रहने वाला जितन मांझी नामक युवक सुबह करीब 10 बजे बच्ची को अपने साथ ले गया था। आरोपी ने किराए के कमरे में ले जाकर मासूम के साथ दुष्कर्म किया और उसके निजी अंगों के साथ छेड़छाड़ की। करीब चार घंटे तक बच्ची को अपने पास रखने के बाद आरोपी ने दोपहर करीब 2 बजे उसे वापस छोड़ा।

दर्द होने पर मासूम ने बताई आपबीती

घर लौटने के बाद जब बच्ची ने अपने निजी अंगों में तेज दर्द होने की शिकायत की, तो मां को संदेह हुआ। मां ने जब प्यार से बच्ची से पूछताछ की, तो मासूम ने रोते हुए अपने साथ हुई पूरी दरिंदगी की जानकारी दी। इसके बाद परिजनों ने 17 नवंबर को जगन्नाथपुर थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए आवेदन दिया।

गिरफ्तारी के लिए पुलिस कर रही है छापेमारी

जगन्नाथपुर थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए 17 नवंबर 2026 को कांड दर्ज किया है। आरोपी जितन मांझी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 65(2) और पॉक्सो एक्ट की धारा 6/10 के तहत मामला पंजीकृत किया गया है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

error: Content is protected !!