BREAKING:सोनाहातू में हुए तीन महिलाओं की हत्या मामले में 15 गिरफ्तार,हत्या में शामिल पति और बेटा भी गिरफ्तार..

राँची।झारखण्ड की राजधानी राँची जिला के सोनाहातू थाना क्षेत्र में डायन बिसाही का आरोप लगाकर तीन महिलाओं की लाठी डंडे से पीट पीटकर हत्या में शामिल 15 आरोपी को गिऱफ्तार कर लिया।जिसमें एक महिला के पति और बेटा भी शामिल है। बताया जा रहा है कि बुंडू एसडीपीओ अजय कुमार के नेतृत्व में ताबड़तोड़ छापेमारी कर 9 नामजद सहित 15 आरोपी को गिरफ्तार किया है।

इन आरोपियों की गिरफ़्तारी हुई है।अभिमन्यू सिंह मुंडा, ललित सिंह मुंडा, मंगल सिंह मुंडा, बिरहर सिंह मुंडा, पुईता सिंह मुंडा, मुचिराम मुंडा, दिनेश सिंह मुंडा, नंदकिशोर उर्फ चिकन सिंह मुंडा,नमी मुंडा,सहदेव सिंह मुंडा, सुखराम सिंह मुंडा,बबलू मुंडा,जनमंजय लोहरा,सन्तोष सिंह मुंडा अन्य है।

अब तक मिली जानकारी के अनुसार मारी गई महिलाओं में एक के बेटे ललित को शक था कि उसकी मां और गांव की दो अन्य महिलाएं सांप बन कर गांव के युवाओं को डंस रही हैं, इसी वजह से तीनों को मार डाला गया।बताया जाता है कि तीनों महिलाएं डायन और सांप बनकर डंसती हैं! यही कहकर ग्रामीणों ने हत्या कर दी।जिन महिलाओं की हत्या हुई हैं, उनमें से एक का भतीजा सुरेंद्र पूरे घटना के दौरान मौके पर मौजूद था।उसने गांव वालों को समझाने की कोशिश की थी कि वह ऐसा ना करें। लेकिन गांव वालों ने उसे जान से मारने की धमकी देकर चुप करवा। उस दौरान अपनी ही मां की हत्या करने वाले आरोपी ललित ने सुरेंद्र को बताया कि तीनों महिलाएं डायन हैं और सांप बनकर ग्रामीणों का डंस रही थीं, उसे भी सांप ने ही डंसा था. जिसके बाद गांव के ओझा सुकरा सिंह मुंडा ने झाड़-फूंक कर उसकी जान बचायी है।उसने ही भी यह बताया कि तीनों महिलाएं डायन हैं, उसी वजह से एक युवक की जान गयी है,इसलिए तीनों को मार देना बहुत जरूरी है।

सुरेंद्र ने पुलिस को बताया कि उन्हें बीते दो सितंबर की शाम सात बजे फुफेरी बहन आरती ने फोन कर ललित को सांप काटने की बात कहकर बुलाया. रात करीब नौ बजे जब वह अपनी फूआ के घर पहुंचा तो देखा कि उनके पति, बेटा ललित समेत गांव के 25 से 30 लोग तीन महिलाओं को घेरकर रखा हुआ है।सभी लोग तीनों महिलाओं को लाठी और लात घूंसों से बेरहमी से पीट रहे हैं.।इसी बीच ललित को भी डंडा दिया और तीनों महिलाओं को पीटने का दबाव दिया।लेकिन वो इससे इनकार कर गया।लाठी की मार से तीनों महिलाओं के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों से खून बह रहा था।मौजूद ग्रामीण तीनों महिलाओं पर डायन बिसाही का आरोप लगा रहे थे।इस दौरान एक भी व्यक्ति उन महिलाओं को बचाने के लिए आगे नहीं आया।

बताया जाता है कि तीनों महिलाओं की मृत्यु होने के बाद आरोपियों ने उनके शव को एक ऑटो में रखा।इसके बाद उसे गांव से ढाई किलोमीटर दूर पर स्थित मारांगबुरू पहाड़ी के जंगल में ले जाकर फेंक दिया। हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद ललित समेत अन्य आरोपी सुरेंद्र को गांव में ही पकड़ लिया गया। लेकिन गिरफ्त में आए ललित ने सुरेंद्र को धमकी दी कि अगर वह इस घटना की जानकारी किसी को देगा तो उसका भी हाल यही होगा।गांव से बाहर निकलने के बाद सुरेंद्र ने घटना की पूरी जानकारी पुलिस को दी।

सोनाहातू ट्रिपल मर्डर मामले में मृतक महिला का भतीजा सुरेंद्र सिंह मुंडा के बयान पर 14 नामजद और 16 अज्ञात के खिलाफ सोनाहातू थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। दर्ज प्राथमिकी में मृतका के पति अभिमन्यू सिंह मुंडा, बेटा ललित सिंह मुंडा और बेटी को भी आरोपी बनाया गया है. इसके अलावा मंगल सिंह मुंडा, बिरहर सिंह मुंडा, पुईता सिंह मुंडा, मुचिराम मुंडा, चैतू सिंह मुंडा, दिनेश सिंह मुंडा, हरिराम सिंह मुंडा, विश्वजीत सिंह मुंडा, संजय सिंह मुंडा, लंगड़ू सिंह मुंडा, दुखराम सिंह मुंडा शामिल है।

राणाडीह गांव के अधिकतर घर में लटका था ताला

तीनों महिलाओं की हत्या के बाद सोनाहातू का राणाडीह गांव वीरान हो गया है, पूरे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है।करमा पर्व होने के बावजूद इसको लेकर गांव में किसी तरह का उत्साह नजर नहीं आ रहा है। इधर गांव में एक भी पुरुष नहीं थे,सभी फरार हो गए हैं, यहां अधिकतर घरों में ताला लटका हुआ है।