राँची: भतीजे को बचाने के दौरान भिड़े दो भाई, छोटे भाई के डंडे से बड़े भाई की मौत
राँची। जिले के सोनाहातू थाना क्षेत्र के रानाडीह गांव में भतीजे की पिटाई को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी वारदात में बदल गया। भतीजे को बचाने पहुंचे छोटे भाई और बड़े भाई के बीच ऐसी कहासुनी हुई कि गुस्से में छोटे भाई ने बड़े भाई के सिर पर डंडे से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल बड़े भाई की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई है।मृतक की पहचान 38 वर्षीय बासुदेव लोहारा, पिता स्वर्गीय सोनाराम लोहारा के रूप में हुई है। वहीं, आरोपी छोटे भाई की पहचान मनकी लोहारा के रूप में की गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, बासुदेव लोहारा किसी बात को लेकर अपने छोटे बेटे की पिटाई कर रहे थे। इसी दौरान उनके छोटे भाई मनकी लोहारा ने बीच-बचाव करते हुए भतीजे को बचाने की कोशिश की। इसी बात को लेकर दोनों भाइयों के बीच विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते कहासुनी बढ़ गई और आरोप है कि मनकी ने डंडे से बड़े भाई बासुदेव के सिर पर जोरदार वार कर दिया। सिर में गंभीर चोट लगने से वह लहूलुहान होकर गिर पड़े।
घटना के वक्त बासुदेव की पत्नी शकुंतला देवी खेत में धान काटने गई हुई थीं। शाम करीब छह बजे जब वह घर लौटीं, तो बेटे ने उन्हें बताया कि चाचा ने पिता के साथ मारपीट की है। घर पहुंचने पर उन्होंने पति को गंभीर हालत में देखा। सिर से लगातार खून बह रहा था। परिजन आनन-फानन में उन्हें मुरी स्थित सिंगपुर अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया। हालांकि, गंभीर चोट के कारण बासुदेव की जान नहीं बच सकी और इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया। घटना के बाद शव घर लाया गया और सोनाहातू थाना पुलिस को सूचना दी गई।
आरोपी छोटे भाई की तलाश में छापेमारी
सोनाहातू थाना प्रभारी प्रेम प्रदीप ने बताया कि मृतक की पत्नी शकुंतला देवी के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। आरोपी मनकी लोहारा की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

