ट्रक जलाने का आरोप साबित नहीं कर सकी पुलिस, खलारी कांड के दोनों आरोपी बरी

-रात के अंधेरे में ट्रक फूंकने और लेवी के लिए 20 हजार लूटने का मामला कोर्ट में नहीं टिक सका, पुलिस की लापरवाही भी बनी बरी होने की वजह: न शिनाख्त परेड कराई, न जुटा पाई कोई ठोस सबूत

राँची।अदालत में सिर्फ यह साबित कर देना काफी नहीं होता कि अपराध हुआ है, बल्कि यह भी सिद्ध करना पड़ता है कि अपराध किसने किया है।पुलिस की लचर जांच और चश्मदीद गवाहों के पलटने के कारण खलारी का चर्चित ट्रक आगजनी और लेवी लूट कांड अदालत की दहलीज पर औंधे मुंह गिर गया।राँची के न्यायिक आयुक्त अनिल कुमार मिश्रा नंबर-1 की अदालत ने गुरुवार 26 नवंबर को इस मामले में ट्रायल का सामना कर रहे दोनों आरोपियों को संदेह का लाभ देते हुए बरी कर दिय। बरी होने वालों में हजारीबाग के केरेडारी निवासी आकाश करमाली उर्फ अधिराज सिंह उर्फ अधिराज जी और खलारी के गुलजारबाग निवासी बंटी कुमार शामिल हैं।अदालत ने जेल में बंद आकाश करमाली को तत्काल रिहा करने का आदेश दिया है, जबकि जमानत पर चल रहे बंटी कुमार और उसके जमानतदारों को बंधपत्र से मुक्त कर दिया गया है।

कटघरे में खड़े आरोपियों को देख मुकर गए गवाह

घटना मानी, पर पहचान से इनकार: अभियोजन पक्ष की ओर से सूचक महफूज अंसारी और घायल प्रत्यक्षदर्शी हरिचरण ठाकुर उर्फ पिंटू ठाकुर समेत कुल 7 गवाह पेश किए गए।गवाहों ने इस बात का तो समर्थन किया कि 28-29 नवंबर 2024 की रात हमला और आगजनी हुई थी, लेकिन जब कोर्ट रूम में खड़े आरोपियों की पहचान करने की बारी आई, तो सभी ने उन्हें पहचानने से साफ इनकार कर दिया। अदालत ने अपने फैसले में रेखांकित किया कि गवाहों के बयानों में आपसी विरोधाभास है और मामले में पूर्व से चली आ रही आपसी रंजिश की बात भी सामने आई है, जिससे अभियोजन की कहानी संदिग्ध हो जाती है।

पुलिस की जांच पर कोर्ट की सख्त टिप्पणी

इस मामले में पुलिस की तफ्तीश भी सवालों के घेरे में रही. खलारी थाने के तत्कालीन जांच अधिकारियों ने कोर्ट में गवाही के दौरान खुद स्वीकार किया कि उन्हें आकाश करमाली और बंटी कुमार के खिलाफ कोई ठोस सबूत नहीं मिला था। इसके अलावा, गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपियों की टेस्ट आइडेंटिफिकेशन परेड भी नहीं कराई थी, ताकि यह पुख्ता हो सके कि हमलावर यही दोनों थे।

जानिए क्या थी पूरी वारदात

29 नवंबर 2024 को खलारी थाना क्षेत्र के हुटूप मोड़ निवासी महफूज अंसारी ने प्राथमिकी (कांड संख्या 106/2024) दर्ज कराई थी.।आरोप था कि 28/29 नवंबर की दरम्यानी रात करीब 12:45 से 1:30 बजे के बीच जब वे सीमेंट डस्ट लोड करने जा रहे थे, तभी छह अपराधियों ने हमला बोल दिया। लेवी की मांग करते हुए अपराधियों ने टॉर्च और हथियार के बट से मारकर सूचक और पिंटू ठाकुर का सिर फोड़ दिया था।इसके बाद 20 हजार रुपये नकद, मोबाइल व चालान लूट लिए थे और टाटा टर्बो ट्रक (JH01DK-4371) में आग लगाकर भाग निकले थे।5 मार्च 2025 को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था।

error: Content is protected !!