पाकुड़: धान लोड करने खेत जा रहे थे दो युवक, रास्ते में नहर में पलटा ट्रैक्टर, दोनों की मौत

 

पाकुड़।झारखण्ड के पाकुड़ जिले में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। धान लोड करने के लिए खेत की ओर निकले दो मजदूरों की रास्ते में ही मौत हो गई। हिरणपुर थाना क्षेत्र के रानीपुर गांव के समीप एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरा। ट्रैक्टर के पलटते ही उस पर सवार दोनों मजदूर उसके नीचे दब गए और मौके पर ही उनकी जान चली गई।

मृतकों की पहचान करणघाटी गांव निवासी 25 वर्षीय विभीषण मरांडी और 24 वर्षीय चरण मरांडी के रूप में हुई है। बताया जाता है कि दोनों मजदूर गुरुवार को धान लोड करने के काम के लिए ट्रैक्टर पर सवार होकर खेत की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रानीपुर गांव के पास नहर के समीप अचानक ट्रैक्टर चालक का संतुलन बिगड़ गया। देखते ही देखते ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर नहर में पलट गया। हादसा इतना गंभीर था कि दोनों मजदूर ट्रैक्टर के नीचे दब गए और उन्हें संभलने तक का मौका नहीं मिला।

ग्रामीणों ने मशक्कत कर निकाला शव

हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। दुर्घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए। ट्रैक्टर के नीचे दबे दोनों मजदूरों को बाहर निकालने के लिए ग्रामीणों ने काफी मशक्कत की। स्थानीय लोगों के सहयोग से दोनों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। हादसे की खबर करणघाटी गांव पहुंचते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया।

पुलिस ने जब्त किया दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर

घटना की सूचना मिलने पर हिरणपुर थाना के एसआई गौतम कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर को भी जब्त कर लिया गया है।

एसआई गौतम कुमार ने बताया कि ट्रैक्टर पलटने से दो मजदूरों की मौत हुई है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर के मालिक का पता लगाने में जुटी है। हादसे के कारणों की भी जांच की जा रही है।

 

error: Content is protected !!