झारखण्ड के सरकारी कर्मियों का महंगाई भत्ता हुआ 63%, एक जुलाई 2026 से मिलेगा लाभ, संकल्प हुआ जारी
राँची।झारखण्ड सरकार ने राज्य के कर्मचारियों के महंगाई भत्ते (डीए) में तीन प्रतिशत की बढ़ोतरी कर दी है. अब कर्मचारियों को मूल वेतन का 60 प्रतिशत के बजाय 63 प्रतिशत महंगाई भत्ता मिलेगा।यह बढ़ी हुई दर एक जुलाई 2026 से लागू मानी जाएगी। वित्त विभाग ने इस संबंध में आज यानि 26 नवंबर को संकल्प जारी कर दिया है. उल्लेखनीय है,कि इस प्रस्ताव को बीते 18 नवंबर को कैबिनेट से स्वीकृति दी गई थी।
किन कर्मचारियों को मिलेगा फायदा और क्या हैं नियम:
-यह लाभ उन राज्यकर्मियों को मिलेगा, जिन्हें वित्त विभाग के संकल्प संख्या 217/वि. (18 जनवरी 2017) के तहत 1 जनवरी 2016 से सातवां वेतन पुनरीक्षण का लाभ दिया गया है।
-केंद्र सरकार ने 29 अक्टूबर 2026 के पत्र के जरिए एक जुलाई 2026 से केंद्रीय कर्मियों का डीए 60% से बढ़ाकर 63% किया था, जिसके अनुरूप राज्य सरकार ने यह निर्णय लिया है।
-झारखण्ड सेवा संहिता के नियम-34(ए) के अनुसार, महंगाई भत्ता केवल मूल वेतन पर देय होगा। यह विशेष वेतन या वैयक्तिक वेतन आदि पर लागू नहीं होगा।
-झारखण्ड उच्च न्यायालय के मामले में महानिबंधक से कहा गया है कि वे मुख्य न्यायाधीश की सहमति लेने के बाद अपने स्तर से आदेश जारी करें।इस संकल्प को झारखण्ड राजपत्र के असाधारण अंक में प्रकाशित कराने और विभाग की वेबसाइट पर अपलोड करने का निर्देश भी दिया गया है।

