राँची में कोयला लदे हाईवा को फूंकने वाले चार अपराधी गिरफ्तार, लेवी नहीं मिली तो दूसरी वारदात को निकले थे; पुलिस ने हथियार के साथ दबोचा
राँची।कोयला कारोबारियों और कंपनियों को निशाना बनाकर लेवी वसूलने वाले अपराधियों के खिलाफ राँची पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। खलारी थाना क्षेत्र के बड़कीटांड़ में कोयला लदे हाईवा में आगजनी करने वाले गिरोह के चार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। हैरान करने वाली बात यह है कि पहली वारदात को अंजाम देने के बाद भी अपराधियों को लेवी की रकम नहीं मिली थी। इसी वजह से वे दोबारा घटना को अंजाम देने की तैयारी में थे, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उन्हें दबोच लिया।
गिरफ्तार अपराधियों के पास से पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई मारुति वैगनआर कार, तीन मोबाइल फोन, दो सिम कार्ड, एक देशी कट्टा और तीन जिंदा गोलियां बरामद की हैं। गिरफ्तार अपराधी में गिरोह का कथित मास्टरमाइंड मो. मोजम्मिल भी शामिल है। पुलिस के अनुसार, वह पहले मोहित मिनरल कंपनी में काम करता था। कंपनी से निकाले जाने के बाद उसने कंपनी को आर्थिक नुकसान पहुंचाने की साजिश रची थी।
लेवी नहीं मिली तो दूसरी वारदात को अंजाम देने निकले थे अपराधी
पुलिस के अनुसार, 8 नवंबर 2026 को खलारी थाना क्षेत्र के बड़कीटांड़ में अज्ञात अपराधियों ने कोयला लदे एक हाईवा में आग लगा दी थी। घटना के बाद खलारी थाना में कांड संख्या 56/2026 दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक राँची के निर्देश पर ग्रामीण एसपी के निर्देशन और खलारी डीएसपी के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (SIT) गठित की गई।
SIT ने तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर जांच तेज की। इस दौरान आगजनी की पूर्व की घटनाओं में शामिल करीब एक दर्जन अपराधियों से पूछताछ भी की गई। इसी बीच 22 नवंबर को पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि 8 नवंबर की आगजनी में शामिल कुछ अपराधी लेवी की रकम नहीं मिलने के कारण दोबारा घटना को अंजाम देने की नीयत से कार से खलारी की ओर आ रहे हैं।
सूचना मिलते ही SIT ने बलथरवा इलाके में वाहन चेकिंग शुरू कर दी। इसी दौरान बिजुपाड़ा की ओर से आती एक संदिग्ध वैगनआर कार को पुलिस ने रोककर तलाशी ली। कार में सवार अफताब आलम उर्फ टिंकू, हसन अंसारी और कलीम अंसारी से पूछताछ की गई। पुलिस के मुताबिक, तीनों ने 8 नवंबर को हाईवा में आग लगाने की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की और बताया कि लेवी की रकम नहीं मिलने के कारण वे दोबारा वारदात करने जा रहे थे।पूछताछ में तीनों ने इस घटना में मो. मोजम्मिल की संलिप्तता की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया।
कंपनी से निकाले जाने के बाद रची साजिश, कर्मचारी की रेकी भी की थी
पुलिस के अनुसार, इस पूरे घटनाक्रम का कथित मास्टरमाइंड मो. मोजम्मिल है। वह पहले मोहित मिनरल कंपनी में कार्यरत था, लेकिन कुछ दिन पहले कंपनी ने उसे काम से हटा दिया था। इसी बात से नाराज होकर उसने कंपनी को आर्थिक नुकसान पहुंचाने की साजिश रची।
पुलिस का दावा है कि मोजम्मिल ने कंपनी के कर्मचारी सूरज कुमार को जान से मारने की नीयत से उसके वाहन और घर की रेकी भी की थी। इसके बाद अपने सहयोगियों के साथ मिलकर कोयला लदे हाईवा में आगजनी की घटना को अंजाम दिया। पुलिस अब इस मामले में आरोपियों के अन्य सहयोगियों और लेवी के पूरे नेटवर्क की भी जांच कर रही है।
गिरफ्तार हसन अंसारी का बैंक डकैती से भी रहा है कनेक्शन
गिरफ्तार आरोपियों में शामिल हसन अंसारी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। पुलिस के अनुसार, वह छत्तीसगढ़ और ओडिशा में बैंक डकैती के मामलों में जेल जा चुका है। उसके खिलाफ ओडिशा के रेंगाली थाना में कांड संख्या 1474/25, दिनांक 21 जुलाई 2025 को बीएनएस की धारा 111(2)(B), 310(2) और आर्म्स एक्ट की धारा 25/27 के तहत मामला दर्ज है।
ये चार अपराधी हुए गिरफ्तार
1. अफताब आलम उर्फ टिंकू, पिता मुस्लिम अंसारी, थाना खलारी, राँची।
2. हसन अंसारी, पिता स्व. कुर्बान अंसारी, ग्राम जेहलीटांड़, थाना खलारी, राँची।
3. कलीम अंसारी, पिता उस्मान अंसारी, ग्राम बलथरवा, थाना चान्हो, राँची।
4. मो. मोजम्मिल, पिता मो. मोईन, ग्राम बलसोकरा, थाना चान्हो, राँची।
ये सामान हुए बरामद
– मारुति सुजुकी वैगनआर कार (JH01GK-1745)
– तीन मोबाइल फोन और दो सिम कार्ड
– एक देशी कट्टा और तीन जिंदा गोलियां
इस कार्रवाई में खलारी डीएसपी, खलारी थाना प्रभारी राम कुमार वर्मा, पुलिस अवर निरीक्षक कपिलदेव यादव, रवि कुमार सोनी समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी और कर्मी शामिल थे।

