राँची में घर में अकेली नाबालिग भतीजी को चाचा ने बनाया हवस का शिकार, माता-पिता की हत्या की दी धमकी,आरोपी गिरफ्तार

 

राँची। दीपावली के त्योहार पर जब पूरा परिवार खुशियां मना रहा था, उसी दौरान एक ऐसा मामला सामने आया जिसने रिश्तों की मर्यादा को तार-तार कर दिया। राजधानी राँची के तुपुदाना ओपी क्षेत्र के एक गांव में 58 वर्षीय सगे चाचा पर अपनी ही 16 वर्षीय नाबालिग भतीजी के साथ दुष्कर्म करने का गंभीर आरोप लगा है। आरोप है कि घर में अकेली पाकर चाचा ने इस घिनौनी वारदात को अंजाम दिया। इतना ही नहीं, मुंह खोलने पर उसके माता-पिता की हत्या कर शव जंगल में फेंक देने की धमकी भी दी।

आरोपी की धमकी का खौफ ऐसा था कि नाबालिग और उसका परिवार लंबे समय तक खामोश रहा। पीड़िता अंदर ही अंदर इस दर्द और डर को सहती रही। आरोप है कि आरोपी की हरकतें एक घटना तक सीमित नहीं रहीं, बल्कि वह लगातार नाबालिग को अपनी प्रताड़ना का शिकार बनाता रहा।

धमकी देकर परिवार को रखा खौफ में

जानकारी के अनुसार, पीड़िता आठवीं कक्षा की छात्रा है। परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर है। उसकी मां मजदूरी कर घर चलाती हैं, जबकि पिता खेती-बाड़ी और मवेशियों की देखभाल करते हैं। इसी बीच दीपावली के दौरान जब नाबालिग घर में अकेली थी, तभी पड़ोस में रहने वाले उसके सगे चाचा ने कथित तौर पर उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया।

आरोप है कि वारदात के बाद आरोपी ने नाबालिग को धमकाया कि यदि उसने किसी को इस बारे में बताया तो उसके माता-पिता की हत्या कर देगा और दोनों के शव जंगल में फेंक देगा। माता-पिता की जान को खतरा होने की आशंका से डरी बच्ची ने किसी को कुछ नहीं बताया। परिवार की कमजोर आर्थिक और सामाजिक स्थिति ने भी उनकी चुप्पी को और लंबा कर दिया।

आखिरकार टूटा खौफ, रिश्तेदारों के साथ पहुंची थाने

बताया जाता है कि आरोपी की कथित करतूतें लगातार जारी रहीं। आखिरकार पीड़िता ने हिम्मत जुटाई और अपने परिजनों व रिश्तेदारों को पूरी आपबीती बताई। इसके बाद रविवार को परिवार के सदस्य और रिश्तेदार नाबालिग को लेकर तुपुदाना ओपी पहुंचे। वहां लिखित शिकायत देकर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने बिना देर किए कार्रवाई की और आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उससे पूछताछ की है।

मेडिकल जांच के लिए भेजी गई पीड़िता

पुलिस ने पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए सदर अस्पताल भेजा है। मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। आरोपी को आज न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक हिरासत में भेजने की तैयारी है।

घटना की जानकारी सामने आने के बाद गांव में आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग की है। जिस रिश्ते से एक बच्ची को सुरक्षा और स्नेह मिलना चाहिए था, उसी रिश्ते पर लगे इस गंभीर आरोप ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।

 

error: Content is protected !!