पत्नी की गला रे’तकर हत्या, रातभर शव के साथ सोता रहा पति; सुबह मचाया शोर और फिर हो गया फरार,पुलिस ने दबोचा…
हजारीबाग।हजारीबाग से एक ऐसी खौफनाक घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। आरोप है कि पत्नी की चाकू से गला रेतकर हत्या करने के बाद पति रातभर उसी के शव के पास सोता रहा। सुबह होते ही उसने मोहल्ले में शोर मचाया कि उसकी पत्नी की मौत हो गई है और इसके बाद मौके से फरार हो गया। हालांकि, पुलिस ने छापेमारी कर आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया। रविवार को उसे जेल भेज दिया गया।आरोपी की पहचान शहर के मंडई मोहल्ला निवासी सुरेंद्र भुइंया के रूप में हुई है। उस पर 20 नवंबर की रात अपनी पत्नी उषा देवी की गला रेतकर हत्या करने का आरोप है।
खाना नहीं बनाने पर हुआ था विवाद, शराब पीकर लौटा तो कर दी हत्या
लोहसिंघना थाना प्रभारी निशांत केरकेटा के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने पत्नी की हत्या करने की बात स्वीकार की है। उसने पुलिस को बताया कि घटना की रात घर में पत्नी उषा देवी ने खाना नहीं बनाया था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था। विवाद के बाद सुरेंद्र घर से बाहर चला गया और शराब पीकर वापस लौटा।
उस वक्त पत्नी सो रही थी। आरोप है कि नशे की हालत में सुरेंद्र ने चाकू उठाया और सो रही पत्नी का गला रेत दिया। हत्या के बाद वह कहीं भागा नहीं, बल्कि पूरी रात पत्नी के शव के साथ घर में ही रहा।
सुबह मौत का शोर मचाया, फिर हो गया गायब
हैरानी की बात यह रही कि रातभर शव के साथ रहने के बाद सुबह आरोपी ने मोहल्ले के लोगों को बताया कि उसकी पत्नी की मौत हो गई है। शोर सुनकर आसपास के लोग घर पहुंचे। वहां महिला का शव देखकर लोगों के होश उड़ गए। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। हालांकि, लोगों के जुटने के बाद आरोपी वहां से फरार हो गया।
सूचना मिलते ही लोहसिंघना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया। मृतका के परिजनों के नहीं पहुंचने के कारण शव अस्पताल के पोस्टमार्टम हाउस में रखा गया है।
छापेमारी में पकड़ा गया आरोपी
थाना प्रभारी निशांत केरकेटा ने बताया कि घटना के बाद पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई थी। संभावित ठिकानों पर छापेमारी के दौरान उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में उसने हत्या की बात स्वीकार की है। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद रविवार को उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।

