जमशेदपुर में पारिवारिक प्रताड़ना का खौफनाक अंत! कीटनाशक खाने वाली मां-बेटी ने 20 दिन बाद तोड़ा दम, दो मासूम जिंदगी और मौत से जूझ रहीं
जमशेदपुर। पारिवारिक कलह और प्रताड़ना के आरोपों के बीच एक परिवार की खुशियां उजड़ गईं। ससुराल में कथित प्रताड़ना से परेशान होकर अपनी तीन बेटियों को कीटनाशक पिलाने और खुद भी जहर खाने वाली पिंकी कुमारी की आखिरकार मौत हो गई। उसके साथ ही चार वर्षीय बेटी ऋषिका मेहता ने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के करीब 20 दिन बाद मां-बेटी की मौत से इलाके में मातम पसरा है। वहीं, पिंकी की दो अन्य बेटियां अब भी जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही हैं।
मामला जमशेदपुर के उलीडीह ओपी क्षेत्र के शंकोसाई रोड नंबर-5 स्थित केदार बगान का है। जानकारी के अनुसार, बीते 3 नवंबर को पिंकी ने अपनी तीनों बेटियों को मैगी और चाय में कीटनाशक मिलाकर पिला दिया था। इसके बाद खुद भी कीटनाशक खा लिया। कुछ ही देर में सभी की तबीयत बिगड़ने लगी। पड़ोसियों की मदद से चारों को तत्काल एमजीएम अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज शुरू हुआ।
कई दिनों तक जिंदगी की जंग लड़ने के बाद शनिवार देर रात चार वर्षीय ऋषिका की मौत हो गई। वहीं, रविवार सुबह करीब 11:30 बजे पिंकी ने भी अंतिम सांस ले ली। इस घटना में पिंकी की दो अन्य बेटियां माही (13) और पांच वर्षीय मासूम का इलाज अभी जारी है। दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
तीसरी बेटी के जन्म के बाद बढ़ गई थी प्रताड़ना, अस्पताल में बयां किया था दर्द
इलाज के दौरान पिंकी ने अपने ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए थे। उसका कहना था कि तीसरी बेटी के जन्म के बाद से ही पति धर्मपाल मेहता, सास-ससुर, देवर और देवरानी उसे प्रताड़ित करने लगे थे। उसका पति ओडिशा के झारसुगुड़ा स्थित एक कंपनी में काम करता है। पिंकी के मुताबिक, ससुराल में लगातार विवाद और प्रताड़ना के कारण वह मानसिक रूप से परेशान रहने लगी थी।
पिंकी ने यह भी बताया था कि 22 अक्टूबर को उसकी देवरानी गुड़िया ने उलीडीह थाने में उसके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद घर में उसकी परेशानियां और बढ़ गई थीं। वह लगातार पुलिस से मदद मांग रही थी, लेकिन उसे राहत नहीं मिली।
थाना और सिटी एसपी कार्यालय तक पहुंची थी पिंकी, नहीं दे सकी लिखित शिकायत
पिंकी के अनुसार, 28 अक्टूबर को वह अपनी परेशानी लेकर उलीडीह थाना पहुंची थी। इसके बाद वह अपनी बेटियों के साथ सिटी एसपी कार्यालय भी गई थी। वहां उसे लिखित शिकायत देने को कहा गया, लेकिन लिखना नहीं आने के कारण वह अपनी शिकायत लिखित रूप में नहीं दे सकी। पिंकी का आरोप था कि लगातार प्रताड़ना और मदद नहीं मिलने के कारण वह मानसिक रूप से टूट चुकी थी।
मां-बेटी की मौत के बाद एमजीएम अस्पताल में हंगामा, गिरफ्तारी तक पोस्टमार्टम से इनकार
इधर, घटना की जानकारी मिलने के बाद बिहार के नवादा से जमशेदपुर पहुंचे पिंकी के मायके पक्ष के लोगों ने रविवार को एमजीएम अस्पताल में जमकर हंगामा किया। पिंकी के भाई आर्यन कुमार ने आरोप लगाया कि उसकी बहन को पति और ससुराल वालों के अलावा कुशवाहा समाज के नेता शिवकुमार भगत भी परेशान करते थे। उसने शिवकुमार भगत समेत मामले में शामिल अन्य लोगों की गिरफ्तारी की मांग की।आर्यन ने साफ कहा कि जब तक सभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक मां-बेटी के शवों का पोस्टमार्टम नहीं कराया जाएगा।
पति और देवरानी जेल में, देवर की तलाश
मामले में पुलिस आरोपी पति धर्मपाल मेहता और देवरानी गुड़िया को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। वहीं, देवर राजीव फरार बताया जा रहा है। मायके पक्ष की मांग है कि मामले में शामिल सभी लोगों के खिलाफ कार्रवाई हो। अब मां-बेटी की मौत के बाद पुलिस की जांच और आगे की कार्रवाई पर सबकी निगाहें टिकी हैं।

