दुमका: पहाड़ी सड़क किनारे पैर बंधी हालत में मिली युवती, सुनसान जगह पर कौन छोड़ गया, प्रेम प्रसंग के एंगल से जांच में जुटी पुलिस
दुमका। झारखण्ड के दुमका जिले में रविवार को एक ऐसी घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। मसलिया थाना क्षेत्र के विक्रमपुर गांव के समीप पहाड़ी सड़क किनारे एक युवती पैर बंधी हालत में मिली। सुनसान इलाके में युवती को इस तरह पड़ा देख आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुटने लगी और तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।
बताया जाता है कि युवती के पैर बंधे होने की जानकारी मिलने के बाद परिजनों ने इसकी सूचना तत्काल मसलिया थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और युवती को अपने कब्जे में लेकर थाने ले गई। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर युवती के पैर किसने बांधे और उसे गांव से दूर पहाड़ी सड़क के किनारे किस परिस्थिति में छोड़ा गया।
प्रेम प्रसंग का एंगल, कई सवालों के जवाब तलाश रही पुलिस
प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, युवती के साथ वास्तव में क्या हुआ, उसे किसने और किन परिस्थितियों में वहां छोड़ा, इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस युवती से पूछताछ कर घटना की पूरी कड़ी समझने का प्रयास कर रही है।
इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। क्या युवती को कहीं से अगवा कर पहाड़ी सड़क किनारे लाकर छोड़ा गया था? क्या किसी विवाद के बाद उसके पैर बांधे गए थे या फिर इसके पीछे प्रेम प्रसंग से जुड़ी कोई कहानी है? आखिर युवती को इस तरह सुनसान जगह पर छोड़ने के पीछे किसका हाथ है?
फिलहाल मसलिया पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। जांच और युवती के बयान के बाद ही घटना की असली वजह सामने आ सकेगी। इलाके में इस घटना को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है।

