लूटकांड का खुलासा:चार अपराधी गिरफ्तार, लूटा गया मोबाइल व 90 हजार नकद बरामद, वारदात में प्रयुक्त चाकू, लोहे की रॉड व डंडा भी जब्त

चतरा।जिले के नगर थाना क्षेत्र के रक्सी पुल के पास 11 अगस्त की देर रात हुई लूट की घटना का पुलिस ने त्वरित उद्भेदन करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से लूटा गया मोबाइल फोन और ₹90 नकद बरामद किया है। इसके अलावा घटना में इस्तेमाल किए गए चाकू, लोहे की रॉड में लगी चैन से बना रिंग और लकड़ी का डंडा भी बरामद किया गया है।जानकारी के अनुसार, 11 अगस्त की रात करीब एक बजे झारखण्ड राज्य सहकारी दूध उत्पादक महासंघ लिमिटेड,होसिल से काम कर घर लौट रहे विकास कुमार को रक्सी पुल के पास चार अपराधियों ने घेर लिया। आरोप है कि अपराधियों ने उसके साथ मारपीट कर मोबाइल और पैसे लूट लिए। घटना के संबंध में वशिष्ठ नगर थाना कांड संख्या 118/26, दिनांक 12 अगस्त 2026, धारा 309(4)/309(6) बीएनएस के तहत एक नामजद एवं तीन अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक, चतरा के निर्देश पर अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी और मामले के उद्भेदन के लिए पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) चतरा के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। टीम ने लगातार संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी की।
इसी क्रम में 13 अगस्त को पुलिस ने अरविंद कुमार, वीरेंद्र कुमार उर्फ वीरेंद्र गंजू, अजीत कुमार और प्रदीप कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी अरविंद कुमार के पास से घटना में लूटा गया मोबाइल फोन और ₹90 नकद बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपी
अरविंद कुमार, उम्र करीब 19 वर्ष, पिता—बुधन भारती
वीरेंद्र कुमार उर्फ वीरेंद्र गंजू, उम्र करीब 20 वर्ष, पिता—कैलाश गंजू
अजीत कुमार, उम्र करीब 20 वर्ष, पिता—प्रमोद गंजू
प्रदीप कुमार, उम्र करीब 20 वर्ष, पिता—भीम गंजू
सभी आरोपी ग्राम रक्सी, थाना वशिष्ठ नगर, जिला चतरा के निवासी बताए गए हैं।
बरामद सामान
लूटा गया मोबाइल फोन—01
नकद राशि—₹90
चाकू—01
कच्ची लकड़ी का डंडा—01
लोहे की रॉड में चैन से बना रिंग—01
छापामारी दल में शामिल पुलिस पदाधिकारी
सुनील कुमार सिंह, पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय), चतरा
पु0नि0 विपिन कुमार, पुलिस निरीक्षक, हंटरगंज अंचल, चतरा
पु0अ0नि0 अमित कुमार सिंह, थाना प्रभारी, वशिष्ठ नगर थाना
पु0अ0नि0 शिवा यादव, वशिष्ठ नगर थाना
स0अ0नि0 दिलीप नामता, वशिष्ठ नगर थाना
वशिष्ठ नगर थाना के सशस्त्र बल
पुलिस की त्वरित कार्रवाई से घटना के महज दो दिनों के भीतर सभी चार आरोपियों की गिरफ्तारी और लूटे गए सामान की बरामदगी हुई है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

