राँची के जयपाल सिंह स्टेडियम के बाहर से चुटिया थाने के दरोगा की बाइक चोरी, CCTV में कैद हुई करतूत…

​राँची।राजधानी राँची में अपराधियों और चोरों के हौसले किस कदर बुलंद हैं, इसकी एक बानगी जयपाल सिंह स्टेडियम के बाहर देखने को मिली। यहां शातिर चोरों ने आम जनता को तो छोड़िए, कानून की रक्षा करने वाली पुलिस को भी नहीं बख्शा। चुटिया थाना में पदस्थापित पुलिस अवर निरीक्षक (दरोगा) निरंजन कुमार महतो की नीले रंग की टीवीएस अपाचे बाइक स्टेडियम के मुख्य द्वार के बाहर से चोरी हो गई।

महज 15-20 मिनट में चोरों ने किया हाथ साफ

​जानकारी के अनुसार, दरोगा निरंजन कुमार महतो 12 अगस्त 2026 की सुबह करीब 6:30 से 6:35 बजे के बीच अपनी नीले रंग की टीवीएस अपाचे बाइक (रजिस्ट्रेशन नंबर – JH09AT4660) को जयपाल सिंह स्टेडियम के मुख्य द्वार के बाहर पार्क कर अंदर मॉर्निंग वॉक करने गए थे। वॉक खत्म करने के बाद जब वे सुबह करीब 6:50 बजे बाहर निकले, तो उनके होश उड़ गए। बाइक उस जगह से गायब थी।

​पीड़ित दरोगा ने तुरंत आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की और अपने स्तर पर काफी खोजबीन की, लेकिन वाहन का कोई सुराग नहीं मिला। चोरी गई बाइक की कीमत लगभग 70,000 रुपये बताई जा रही है। चोरी की यह पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें चोर की तस्वीर भी आई है।

कोतवाली थाने में दर्ज हुई प्राथमिकी

​घटना के बाद दरोगा निरंजन कुमार महतो के लिखित आवेदन के आधार पर कोतवाली थाने में कांड संख्या 173/2026 (धारा 305(b) BNS) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच का जिम्मा सब-इंस्पेक्टर अनिल कुमार को सौंपा गया है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोर की पहचान और गिरफ्तारी के साथ-साथ बाइक की बरामदगी के लिए तेजी से छापेमारी कर रही है। दिनदहाड़े पुलिस अधिकारी की ही बाइक चोरी होने से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।

error: Content is protected !!