कसमार में खेत से मिला 45 वर्षीय अशोक रजवार का शव, पत्नी ने संवेदक पर लगाया हत्या का आरोप

बोकारका।बोकारो जिले के कसमार थाना क्षेत्र में शनिवार को उस वक्त सनसनी फैल गई, जब जामकुदर और बगियारी गांव के बीच महली कनारी खेत में एक 45 वर्षीय व्यक्ति का शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान बगियारी निवासी अशोक रजवार के रूप में हुई है। शव मिलने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलते ही कसमार पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

मामले में नया मोड़ तब आया, जब मृतक की पत्नी ने कसमार थाना में लिखित शिकायत देकर कोलकाता-वाराणसी एक्सप्रेसवे निर्माण कार्य से जुड़े एचजी इंफ्रा इंजीनियरिंग कंपनी के चैनल नंबर 373 के संवेदक पर पति की हत्या की आशंका जताई। पत्नी का आरोप है कि अशोक काम मांगने संवेदक के पास गया था। इसी दौरान दोनों के बीच विवाद हुआ था। आरोप है कि संवेदक ने उसके साथ गाली-गलौज और धक्का-मुक्की की तथा जान से मारने की धमकी भी दी थी।

परिजनों के मुताबिक, विवाद की सूचना पुलिस को दी गई थी। इसके बाद पुलिस अशोक को थाने लेकर गई थी, जहां पूछताछ के बाद उसे छोड़ दिया गया। कुछ दिनों बाद अशोक दोबारा काम मांगने संवेदक के पास पहुंचा। पत्नी का आरोप है कि इस दौरान भी उसे कथित तौर पर धमकी देकर वहां से भगा दिया गया।

बताया गया कि अशोक अपने दामाद के निधन के बाद 11 अगस्त को श्राद्धकर्म में शामिल होने गया था। वहां से लौटने के दौरान 12 अगस्त की सुबह करीब नौ बजे उसके बहादुरपुर पहुंचने की जानकारी परिजनों को मिली। इसके बाद उसका कोई पता नहीं चला।घर नहीं लौटने पर परिजनों ने रिश्तेदारों और आसपास के गांवों में उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कई जगह खोजबीन के बावजूद अशोक नहीं मिला।

15 अगस्त की सुबह करीब 10 बजे ग्रामीणों ने परिजनों को महली कनारी खेत में एक शव पड़े होने की सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान अशोक रजवार के रूप में की। इसके बाद पुलिस को मामले की जानकारी दी गई।


शव मिलने के बाद ग्रामीणों और परिजनों की भीड़ घटनास्थल पर जुट गई।शनिवार देर शाम तक लोगों ने शव उठाने से पुलिस को रोक रखा। बाद में पुलिस की ओर से कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

मृतक की पत्नी ने पुलिस से मामले की गहराई से जांच कर दोषी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में पूर्व विवाद, कथित धमकी और उसके बाद अशोक के लापता होने को आधार बनाते हुए हत्या की आशंका जताई गई है।

हालांकि, पुलिस ने अभी हत्या के आरोपों की पुष्टि नहीं की है। अशोक की मौत किन परिस्थितियों में हुई और यह हत्या है या कोई अन्य कारण, इसका स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।

