बिना रूट परमिट सड़क पर दौड़ रहा था ऑटो, हादसे में घायल महिला को कोर्ट से मिला 1.40 लाख मुआवजे का हक
–राँची के अपर न्यायायुक्त-सह-मोटर दुर्घटना दावा न्यायाधिकरण का अहम फैसला, पहले बीमा कंपनी 7.5% ब्याज सहित करेगी भुगतान, फिर वाहन मालिक से वसूलेगी पूरी राशि
राँची।बिना वैध रूट परमिट के सड़क पर ऑटो चलाना वाहन मालिक को भारी पड़ गया है। राँची के अपर न्यायायुक्त-सह-मोटर दुर्घटना दावा न्यायाधिकरण (एडीजे-कम-पीओ, एडिनल एमएसीटी) मनोज कुमार त्रिपाठी की अदालत ने सोमवार को एक सड़क हादसे के मामले में सुनवाई करते हुए पीड़ित महिला बसो देवी को 1 लाख 40 हजार 530 रुपए मुआवजा देने का आदेश दिया है। अदालत ने चोलामंडलम एमएस जनरल इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड को निर्देश दिया है कि वह याचिका दाखिल होने की तिथि यानी 6 फरवरी 2023 से भुगतान की तिथि तक 7.5 प्रतिशत वार्षिक साधारण ब्याज के साथ दो महीने के भीतर चेक के माध्यम से मुआवजे का भुगतान करे।साथ ही, परमिट उल्लंघन के कारण कोर्ट ने बीमा कंपनी को यह अधिकार भी दिया है कि वह भुगतान करने के बाद यह पूरी राशि वाहन मालिक रूपेश करमाली से वसूल कर सकती है।
क्या था पूरा मामला: गोला जाते समय दभातू के पास पलटा था ऑटो
मोटर दुर्घटना दावा वाद संख्या 61/2023 के अनुसार, यह हादसा 31 जुलाई 2021 को हुआ था. सिल्ली थाना क्षेत्र के छतातार निवासी 45 वर्षीय बसो देवी अपने परिवार के सदस्यों के साथ एक ऑटो (जेएच-01डीएम-4620) से गोला (भुभुई) जा रही थीं. चालक होली कुमार उर्फ हरी लाल द्वारा तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण दभातू मेन रोड के पास ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया।इस भीषण दुर्घटना में बसो देवी के दाहिने पैर व दाहिने हाथ में फ्रैक्चर हो गया और सिर में गंभीर चोटें आईं, जबकि उनके पति राज किशोर करमाली की मौत हो गई। मामले को लेकर गोला थाने में प्राथमिकी (कांड संख्या 94/2021) दर्ज कर चालक के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की गई थी।

