Jharkhand:वर्चस्व कायम करने के लिए दो मजदूर संघ में झड़प,एक गुट के कार्यालय पर हमला,चली गोली,लाठी डंडे, तीन घायल,दूसरे गुट के दो लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया है

धनबाद।धनबाद में फिर मजदूर संघ के दो गुटों में झड़प हुई है।जनता मजदूर संघ ( बच्चा गुट) के सिंदरी सचिव वेद प्रकाश ओझा के रोहड़ाबांध नार्थ होस्टल स्थित कार्यालय पर लक्की सिंह के समर्थकों द्वारा लाठी डंडे से हमला किया गया। इस दौरान चार राउंड फायरिंग भी की गई। लाठी के प्रहार से वेद प्रकाश ओझा के तीन समर्थकों अंशु कुमार, सोहन हेंब्रम और कन्हैया चौहान का सिर फट गया। घटना की सूचना पाते ही डीएसपी अजीत कुमार सिन्हा और सिंदरी थाना के पुलिसकर्मी पहुंचे। स्थिति का जायजा लिया। घटना के पीछे हिन्दुस्तान उर्वरक एंड रसायन लिमिटेड (HURL) पर वर्चस्व की लड़ाई बताई जा रही है।

घटना स्थल से पुलिस ने दो खोखा बरामद किया

घटना के समय वेद प्रकाश ओझा धनबाद में थे। डीएसपी अजीत कुमार सिन्हा ने कहा कि लिखित आवेदन दीजिए। त्वरित कार्रवाई होगी। पुलिस ने लक्की सिंह के दो समर्थकों बिमल सिंह और गुड्डू सिंह को हिरासत में लिया है। वेद प्रकाश समर्थकों ने दोषियों को गिरफ्तार करने के लिए सिंदरी थाना पर प्रदर्शन किया और नारेबाजी की।

तीन साल से वेद प्रकाश ओझा और लक्की सिंह के बीच अदावत

सिंदरी में लंबे समय से वर्चस्व की लड़ाई जारी है। वेद प्रकाश ओझा तीन वर्ष पूर्व लक्की सिंह के साथ थे। मतभेद होने पर अपने समर्थकों के साथ वेद प्रकाश ओझा अलग हो गए और अपने समर्थकों के साथ जमसं (बच्चा सिंह गुट) में शामिल हो गए। तभी से दोनों के बीच बर्चस्व की लड़ाई जारी है। इसके पहले भी वेद प्रकाश ओझा के इसी कार्यालय पर 2018 में गोली चलाई गई थी जिसमें वेद प्रकाश ओझा बाल बाल बचे थे।

हर्ल पर हर कोई चाहता अपना वर्चस्व

सिंदरी में HURL की इकाई स्थापित हो रही है। इस खाद कारखाना के निर्माण के कारण ठेका और दूसरे तरह के कार्य सिंदरी में बढ़े हैं। हर्ल पर वर्चस्व स्थापित करने के लिए राजनीतिक दलों की तरफ कवायद जारी है। वेद प्रकाश ओझा और लक्की सिंह भी वर्चस्व स्थापित करना चाहते हैं। लड़ाई का यह कारण बताया जा रहा है। लक्की सिंह पर झारखण्ड अपराध नियंत्रण अधिनियम ( CCA) के तहत भी कार्रवाई हो चुकी है। पहले वह जनता मजदूर संघ ( कुंती) गुट में थे। फिलहाल किसी पार्टी में नहीं हैं। खुद को समाजसेवी बताते हैं।