नदी पार कर राबो गांव पहुंची तमाड़ पुलिस, ग्रामीणों को दिलाया अफीम की खेती नहीं करने का संकल्प

 

राँची। नशे के अवैध कारोबार और अफीम की खेती के खिलाफ राँची के तमाड़ थाना की पुलिस ने जागरूकता की अनूठी पहल की है। दुर्गम इलाकों में बसे गांवों तक पहुंचकर ग्रामीणों को अफीम की खेती के दुष्परिणामों से अवगत कराया जा रहा है। इसी अभियान के तहत तमाड़ थाना पुलिस नदी पार कर राबो गांव पहुंची और ग्रामीणों के बीच जागरूकता अभियान चलाया।

एसएसपी राकेश रंजन के निर्देशानुसार, तमाड़ थाना प्रभारी दुलाल कुमार महतो के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गांव पहुंचकर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। इस दौरान ग्रामीणों को अफीम की खेती नहीं करने की अपील की गई। पुलिस ने लोगों को समझाया कि अफीम की खेती और इसकी खरीद-बिक्री कानूनन अपराध है। इसमें शामिल होने वाले लोगों को जेल जाना पड़ सकता है और उनका भविष्य भी बर्बाद हो सकता है।

पुलिस पदाधिकारियों ने ग्रामीणों को बताया कि अफीम की खेती से होने वाली कमाई भले ही शुरुआत में आकर्षक लगे, लेकिन इसके परिणाम बेहद गंभीर होते हैं। इससे परिवार, समाज और आने वाली पीढ़ियों पर भी नकारात्मक असर पड़ता है। पुलिस ने ग्रामीणों से पारंपरिक खेती और वैकल्पिक रोजगार को अपनाने की अपील की।

थाना प्रभारी दुलाल कुमार महतो ने ग्रामीणों से कहा कि क्षेत्र में अफीम की खेती को किसी भी सूरत में बढ़ावा नहीं दिया जाना चाहिए। इसके खिलाफ पुलिस लगातार अभियान चला रही है। उन्होंने ग्रामीणों से पुलिस को सहयोग करने और कहीं भी अवैध अफीम की खेती की जानकारी मिलने पर इसकी सूचना देने की अपील की।

इस अभियान के जरिए तमाड़ पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया कि अफीम की खेती के खिलाफ कार्रवाई के साथ-साथ ग्रामीणों को जागरूक करना भी पुलिस की प्राथमिकता है। दुर्गम गांवों तक पहुंचकर चलाया गया यह अभियान नशामुक्त और अपराधमुक्त समाज बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

 

error: Content is protected !!