राँची में तीन बच्चों की माँ को घर से जबरन उठाकर ले जाने का आरोप, सुनसान जगह पर तीन लोगों ने किया सामूहिक दुष्कर्म,पुलिस ने दर्ज की FIR..

 

राँची।राजधानी राँची के तुपुदाना थाना क्षेत्र में मानवता को शर्मसार करने वाली एक गंभीर घटना सामने आई है। यहां तीन बच्चों की मां के साथ सामूहिक दुष्कर्म किए जाने का आरोप लगा है। पीड़िता का आरोप है कि 19 नवंबर की रात करीब 9 बजे तीन अज्ञात व्यक्ति उसके घर पहुंचे और उसे जबरन उठाकर गांव से बाहर एक सुनसान स्थान पर ले गए। वहां तीनों ने बारी-बारी से उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद पीड़िता ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने महिला के बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

रात के अंधेरे में घर पहुंचे तीन अज्ञात व्यक्ति

पीड़िता के अनुसार, 19 नवंबर 2026 की रात करीब 9 बजे वह अपने घर में थी। इसी दौरान तीन व्यक्ति उसके घर पहुंचे। आरोप है कि तीनों ने दरवाजा खुलवाया और उसे जबरन घर से बाहर ले गए। इसके बाद आरोपी महिला को गांव से बाहर एक सुनसान स्थान पर ले गए, जहां कथित तौर पर तीनों ने उसके साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया। घटना के बाद आरोपी वहां से चले गए।

 घर में मौजूद थे तीन बच्चे और महिला की मां

इस मामले में एक महत्वपूर्ण बात यह भी सामने आई है कि कथित घटना के समय महिला के तीन बच्चे और उसकी मां घर में मौजूद थे। हालांकि, परिवार के किसी भी सदस्य ने घटना को प्रत्यक्ष रूप से नहीं देखा। महिला ने पुलिस को दिए अपने बयान में तीन अज्ञात व्यक्तियों पर वारदात को अंजाम देने का आरोप लगाया है। पीड़िता आरोपियों को पहचानने में असमर्थता जता रही है।

बताया जा रहा है कि महिला का पति मजदूरी का काम करता है और रोजगार के सिलसिले में दूसरे स्थान पर रहता है। ऐसे में घटना के समय वह घर पर मौजूद नहीं था।

पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी, आरोपियों की पहचान में जुटी

तुपुदाना थाना प्रभारी ने बताया कि महिला ने अपने बयान में तीन व्यक्तियों द्वारा घर से जबरन उठाकर ले जाने और दुष्कर्म किए जाने का आरोप लगाया है। महिला के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। आरोपियों की पहचान करने और घटना से जुड़े तथ्यों का सत्यापन करने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

फिलहाल तीनों आरोपी अज्ञात बताए जा रहे हैं। पुलिस महिला के आरोपों की जांच के साथ घटना से जुड़े सभी पहलुओं को खंगाल रही है। अब पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती तीनों कथित आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करना है।

 

 

error: Content is protected !!