सुबह-सुबह धरती कांपने की चर्चा से मची हलचल, राँची के कई इलाकों में लोगों ने महसूस किया कंपन; नेपाल में आया 5.3 तीव्रता का भूकंप

 

राँची। मंगलवार की सुबह राजधानी राँची में अचानक उस वक्त हलचल मच गई, जब कई इलाकों के लोगों ने कुछ सेकेंड तक धरती में कंपन महसूस होने की बात कही। सुबह करीब 7 बजे घरों में रखे सामान और फर्नीचर में हलचल महसूस होने के बाद लोग चौंक गए। देखते ही देखते भूकंप के झटकों की चर्चा शुरू हो गई। कई लोग यह समझने की कोशिश करने लगे कि आखिर सुबह-सुबह धरती क्यों हिली?

इसी बीच पड़ोसी देश नेपाल से भूकंप की खबर सामने आई। जानकारी के अनुसार, मंगलवार 24 नवंबर की सुबह नेपाल के कोशी प्रांत में 5.3 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया। इसके बाद झारखंड के कुछ इलाकों में महसूस किए गए कंपन को नेपाल में आए भूकंप से जोड़कर देखा जाने लगा। हालांकि, राँची समेत झारखंड के किसी भी इलाके में भूकंप के झटके महसूस होने की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

 

राजधानी राँची के,क्लब रोड,लोवाडीह, खेलगांव और बहू बाजार समेत कुछ इलाकों के लोगों ने सुबह कंपन महसूस होने की बात कही। स्थानीय लोगों के अनुसार, कुछ सेकेंड तक आसपास की चीजों में हलचल महसूस हुई। अचानक हुए इस अनुभव से लोग हैरान रह गए। इसके बाद सोशल मीडिया और स्थानीय स्तर पर भूकंप को लेकर चर्चाएं तेज हो गईं।

नेपाल में सुबह 7:02 बजे आया 5.3 तीव्रता का भूकंप

उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, मंगलवार सुबह करीब 7:02 बजे नेपाल के कोशी प्रांत में 5.3 तीव्रता का भूकंप आया। इसका केंद्र जमीन से लगभग 10 किलोमीटर नीचे बताया गया है। नेपाल में भूकंप आने और लगभग उसी समय झारखंड के कुछ इलाकों में कंपन महसूस होने की चर्चाओं के बाद लोगों के बीच दोनों घटनाओं के संभावित संबंध को लेकर सवाल उठने लगे।

 

राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NCS) के 24 नवंबर के उपलब्ध रिकॉर्ड में राँची या झारखण्ड में अलग से भूकंप आने की पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में नेपाल में आए भूकंप का असर झारखंड तक पहुंचा था या स्थानीय स्तर पर महसूस हुआ कंपन किसी अन्य वजह से था, यह फिलहाल स्पष्ट नहीं है।

 

error: Content is protected !!