रात में महिला को किराए के कमरे में बुलाने पर फंसा सिपाही, वीडियो वायरल होने से मचा हड़कंप

डेस्क टीम/लखीसराय।बिहार के लखीसराय जिले के हलसी थाना क्षेत्र में पति-पत्नी के बीच लंबे समय से चले आ रहे विवाद ने बुधवार रात उस समय नया मोड़ ले लिया,जब डायल-112 में तैनात एक सिपाही पर विवादित महिला को अपने किराए के कमरे में बुलाने का आरोप लगा। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और हंगामा शुरू कर दिया। इस दौरान बनाए गए वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में भी मामला चर्चा का विषय बन गया है।

आरोपी सिपाही की पहचान सोनू कुमार के रूप में बताई जा रही है, जो हलसी थाना क्षेत्र में डायल-112 वाहन पर तैनात है। ग्रामीणों का आरोप है कि सिपाही ने पति-पत्नी के बीच चल रहे विवाद में महिला को उसके पति के खिलाफ कार्रवाई कराने और उसे गिरफ्तार कर जेल भेजने का भरोसा दिया था। इसी सिलसिले में महिला के सिपाही के संपर्क में आने की बात सामने आई है।

बताया जाता है कि हलसी थाना क्षेत्र के साढ़माफ गांव में एक दंपती के बीच पिछले कई महीनों से विवाद चल रहा है। इसी विवाद को लेकर महिला पुलिस से संपर्क में थी। आरोप है कि डायल-112 में तैनात सिपाही सोनू कुमार ने महिला को उसके पति के खिलाफ कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया।

ग्रामीणों के अनुसार, इसी भरोसे और कथित प्रलोभन के चलते सिपाही ने महिला को अपने संपर्क में रखा। बुधवार की रात महिला को हलसी थाना से कुछ दूरी पर मोहद्दीनगर मोड़ के समीप स्थित अपने किराए के कमरे पर बुलाए जाने की बात कही जा रही है।

महिला के सिपाही के कमरे में पहुंचने की जानकारी जैसे ही आसपास के लोगों को हुई, वहां धीरे-धीरे ग्रामीणों की भीड़ जुटने लगी। कुछ ही देर में काफी संख्या में लोग कमरे के आसपास जमा हो गए और हंगामा शुरू हो गया।

ग्रामीणों का दावा है कि उन्होंने कमरे के अंदर सिपाही और महिला को कथित रूप से आपत्तिजनक एवं अंतरंग स्थिति में देखा। इसके बाद लोगों ने घटना का वीडियो भी बनाया, जो बाद में सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर प्रसारित होने लगा।हालांकि, वीडियो वायरल होने और ग्रामीणों के दावे के बावजूद सिपाही तथा महिला के बीच अवैध संबंध की स्वतंत्र या आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हुई है।

हंगामे की सूचना मिलने के बाद हलसी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने सिपाही और महिला को वहां से थाने लाकर पूछताछ की।पूछताछ के दौरान महिला ने सिपाही के साथ किसी तरह का गलत व्यवहार या अवैध संबंध होने से इनकार कर दिया। महिला ने पुलिस को बताया कि उसके साथ कोई गलत काम नहीं हुआ है। उसने मामले में सिपाही के खिलाफ शिकायत करने से भी इनकार किया है।महत्वपूर्ण बात यह है कि महिला की ओर से अब तक थाने में कोई लिखित शिकायत या आवेदन नहीं दिया गया है। इसलिए फिलहाल पूरे मामले में लगाए गए आरोपों की जाँच की जारी हैम

घटना से जुड़ा कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया है। हलसी थाना पुलिस ने सिपाही सोनू कुमार को थाने में बैठाकर रखा है और पूरे घटनाक्रम की जानकारी वरीय अधिकारियों को दी गई है।
थानाध्यक्ष राजेश कुमार रंजन के अनुसार, पुलिस इस बात की जानकारी जुटा रही है कि आखिर डायल-112 पर तैनात सिपाही ने रात के समय महिला को अपने निजी किराए के कमरे में क्यों बुलाया था।थानाध्यक्ष ने बताया कि घटना की जानकारी वरीय पदाधिकारियों को दे दी गई है। वरीय अधिकारियों से प्राप्त निर्देश के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

इस पूरे घटनाक्रम में एक तरफ ग्रामीणों के दावे और वायरल वीडियो हैं, जबकि दूसरी तरफ संबंधित महिला ने सिपाही के साथ अवैध संबंध अथवा किसी गलत कार्य से साफ इनकार किया है। महिला द्वारा लिखित शिकायत नहीं किए जाने के कारण मामले की कानूनी स्थिति भी फिलहाल स्पष्ट नहीं है।पुलिस के सामने अब मुख्य सवाल यह है कि महिला को रात में निजी कमरे पर बुलाने की वजह क्या थी और क्या सिपाही ने अपने पद का किसी प्रकार से दुरुपयोग किया। इन बिंदुओं पर जांच और वरीय अधिकारियों के निर्देश के बाद ही आगे की तस्वीर साफ हो सकेगी।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। सिपाही पर लगे आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

error: Content is protected !!