स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर लातेहार में फाइनल रिहर्सल…डीसी-एसपी की मौजूदगी में परेड का पूर्वाभ्यास, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर विशेष जोर

लातेहार। 15 अगस्त को लेकर लातेहार जिला प्रशासन और पुलिस की तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। जिला मुख्यालय स्थित खेल स्टेडियम में गुरुवार को स्वतंत्रता दिवस के जिला स्तरीय मुख्य समारोह का फुल ड्रेस रिहर्सल आयोजित किया गया। पूरे आयोजन को निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत अंजाम देकर तैयारियों को परखा गया।रिहर्सल के दौरान उपायुक्त एवं एसपी कुमार गौरव मौजूद रहे। उपायुक्त ने ध्वजारोहण कर सलामी ली और परेड का निरीक्षण किया। इसके बाद पुलिस बल, गृह रक्षा वाहिनी और एनसीसी की टुकड़ियों ने अनुशासित कदमताल के साथ परेड का प्रदर्शन किया। राष्ट्रगान की धुन पर जवानों और एनसीसी कैडेट्स ने मुख्य मंच को सलामी दी।
फुल ड्रेस रिहर्सल के दौरान सुरक्षा बलों की टुकड़ियों के बीच बेहतर तालमेल और अनुशासन देखने को मिला। परेड ने स्वतंत्रता दिवस समारोह की भव्यता की झलक पेश की। अधिकारियों ने भी परेड की तैयारियों और विभिन्न व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया।
पूर्वाभ्यास समाप्त होने के बाद डीसी और एसपी ने स्टेडियम परिसर का भ्रमण किया। इस दौरान दर्शक दीर्घा, वीआईपी दीर्घा, मुख्य मंच, प्रवेश-निकास, यातायात प्रबंधन और आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था का जायजा लिया गया।एसपी कुमार गौरव ने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया कि स्वतंत्रता दिवस के दिन समारोह स्थल के साथ पूरे शहर में सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह पुख्ता रहे। उन्होंने भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए जवानों को सतर्क रहने का निर्देश दिया।फाइनल रिहर्सल के सफल आयोजन के साथ ही लातेहार में स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

