राँची में 1936 बच्चों ने ली बाल विवाह के खिलाफ शपथ, बोले- अपने आसपास नहीं होने देंगे यह सामाजिक कुरीति

 

-निर्मला कॉन्वेंट हाई स्कूल में चाइल्ड राइट्स फाउंडेशन ने चलाया जागरूकता अभियान, बाल विवाह की सूचना 1098 पर देने की अपील

राँची।अंतरराष्ट्रीय बाल विवाह निषेध दिवस के अवसर पर राँची में बाल विवाह के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाया गया। चाइल्ड राइट्स फाउंडेशन (CRF) की ओर से एदलहातु स्थित निर्मला कॉन्वेंट हाई स्कूल में विशेष जागरूकता एवं शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें विद्यालय के कुल 1936 छात्र-छात्राओं ने बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को समाप्त करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में चाइल्ड राइट्स फाउंडेशन के सचिव बैद्यनाथ कुमार ने छात्र-छात्राओं को सामूहिक रूप से शपथ दिलाई। बच्चों ने संकल्प लिया कि वे अपने आसपास और समुदाय में किसी भी बच्चे का बाल विवाह नहीं होने देंगे। साथ ही बाल विवाह की किसी भी कोशिश की जानकारी संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने में अपनी जिम्मेदारी निभाएंगे।

इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि बाल विवाह बच्चों के भविष्य और उनके अधिकारों के साथ खिलवाड़ है। यह कानूनन अपराध भी है। बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए शिक्षा बेहद जरूरी है। समाज के प्रत्येक व्यक्ति को बाल विवाह रोकने के लिए जागरूक और जिम्मेदार बनना होगा।

छात्र-छात्राओं को बताया गया कि यदि उनके आसपास कहीं बाल विवाह की तैयारी हो रही हो या ऐसी कोई जानकारी मिले, तो तत्काल चाइल्ड हेल्पलाइन के टोल फ्री नंबर 1098 पर इसकी सूचना दें।

शपथ के दौरान बच्चों ने बाल विवाह के साथ-साथ बाल मजदूरी और बाल यौन शोषण जैसी सामाजिक बुराइयों के खिलाफ भी आवाज उठाने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि बच्चों की शिक्षा, सुरक्षा और अधिकारों की रक्षा के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे।

इस अवसर पर चाइल्ड राइट्स फाउंडेशन की ओर से चंदन कुमार (एडवोकेट), अंजू कुमारी, संगीता कुमारी, अनुज शर्मा एवं राहुल कुमार मौजूद रहे। वहीं विद्यालय के प्रिंसिपल विजय कुमार शर्मा सहित सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं ने कार्यक्रम में भाग लिया और संस्था के इस अभियान की सराहना की।

error: Content is protected !!