बालू सिंडिकेट पर ED का शिकंजा:चतरा में तीन ठेकेदारों के ठिकानों पर एक साथ छापेमारी

–बिहार से जुड़े तीन-चार साल पुराने बालू कारोबार के मामले में कार्रवाई, हंटरगंज के अलग-अलग गांवों में सुबह-सुबह पहुंची ईडी की टीम; जांच के दायरे को लेकर इलाके में हलचल

चतरा। बिहार में बालू के कथित अवैध कारोबार और सिंडिकेट से जुड़े पुराने मामले की जांच अब झारखंड तक पहुंच गई है। प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम ने शुक्रवार की सुबह चतरा जिले के हंटरगंज प्रखंड में एक साथ तीन ठेकेदारों के ठिकानों पर छापेमारी शुरू की। जिन लोगों के यहां ईडी की कार्रवाई चल रही है, उनमें कांग्रेस नेता अरुण सिंह, लोजपा नेता प्रेम सिंह और शक्ति सिंह के नाम सामने आए हैं। तीनों अलग-अलग गांवों के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

सुबह-सुबह ईडी की टीम के पहुंचते ही हंटरगंज इलाके में हलचल तेज हो गई। अचानक हुई इस कार्रवाई की खबर फैलते ही राजनीतिक और कारोबारी गलियारों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया। खास बात यह है कि छापेमारी के दायरे में दो राजनीतिक दलों से जुड़े नेताओं के नाम भी सामने आ रहे हैं। हालांकि, इन तीनों की मामले में कथित भूमिका को लेकर ईडी की ओर से अब तक कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।

बिहार के बालू कारोबार से जुड़े हैं जांच के तार

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ईडी की यह कार्रवाई बिहार में बालू के कथित सिंडिकेट से जुड़े करीब तीन से चार वर्ष पुराने मामले के सिलसिले में की जा रही है। जांच की आंच अब चतरा के हंटरगंज तक पहुंचने से यह मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है। माना जा रहा है कि एजेंसी इस मामले से जुड़े आर्थिक लेन-देन और अन्य संभावित कड़ियों की पड़ताल कर रही है। हालांकि, जांच के वास्तविक बिंदुओं की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

तीन अलग-अलग ठिकानों पर ईडी की नजर

जानकारी के मुताबिक, ईडी की टीम ने हंटरगंज प्रखंड के अलग-अलग गांवों में स्थित अरुण सिंह, प्रेम सिंह और शक्ति सिंह के आवासों पर छापेमारी की है। टीम की कार्रवाई के दौरान किन दस्तावेजों, बैंक खातों, संपत्तियों अथवा अन्य रिकॉर्ड की जांच की जा रही है, इस संबंध में फिलहाल कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आई है। छापेमारी के दौरान क्या-क्या बरामद हुआ है, इसे लेकर भी आधिकारिक तौर पर कुछ नहीं बताया गया है।फिलहाल कोई भी अधिकारी कुछ भी बताने को तैयार नहीं है। न तो छापेमारी के कारणों को लेकर विस्तृत जानकारी दी गई है और न ही जांच के दायरे में शामिल लोगों के संबंध में कोई आधिकारिक बयान सामने आया है।

फिलहाल हंटरगंज में तीनों ठिकानों पर ईडी की कार्रवाई जारी होने की सूचना है। छापेमारी समाप्त होने और एजेंसी की ओर से आधिकारिक जानकारी जारी किए जाने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि बिहार के बालू सिंडिकेट से जुड़े इस पुराने मामले में चतरा के इन ठिकानों से जांच एजेंसी को क्या सुराग मिले हैं।

 

error: Content is protected !!