पिकअप में सेब के साथ शराब लेकर पहुँचा था शराब माफिया,गाड़ी छोड़कर भागा

बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के सदर थाने की पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बीबीगंज में लावारिस स्थिति में सेब लदा पिकअप से 60 कार्टन विदेशी शराब जब्त किया है। इसकी कीमत करीब 10 लाख रूपये आकी गयी है। बताया जाता है कि तीन दिनों से पिकअप बीबी गंज में खड़ी थी। उस पर सेब लोड था। इसकी आड़ में उसे छिपाया गया था। इसे लेकर सदर थाने की पुलिस ने अज्ञात और पिकअप पर अंकित रजिस्ट्रेशन नंबर के धारक के खिलाफ एक्साइज एक्ट में केस दर्ज किया है। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गयी है।

छानबीन के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि पिकअप में एक विशेष तरह का स्विच लगा रखा था। जिससे वह स्टार्ट नहीं हो रहा था। उसे विशेष स्विच को चोर स्विच भी कहा जाता है। लेकिन, सदर थाना पर प्रतिनियुक्त एकचालक चोर स्विच के लॉक को तोड़कर उसे थाना लाया। सदर थाने की पुलिस का कहना है कि पिकअप लावारिस हालात में बरामद किया गया है। उसपर शराब लोड था। पिकअप और शराब को जब्त कर शराब माफिया की पहचान की जा रही है।

थानेदार सत्येंद्र मिश्रा ने बताया कि इस पिकअप को स्पेशल तरीके से शराब ढोने के लिए बनाया गया था। एक चोर स्विच लगाया गया था। जिससे कोई भी व्यक्ति इसे आसानी से स्टार्ट नहीं कर सकता है। छानबीन में स्थानीय धंधेबाज़ की संलिप्ता सामने आई है। उसका पता कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।