टांगी लेकर निकला युवक बना हमलावर, रास्ते में जो मिला उसे काटने दौड़ा; पांच लोगों को किया लहूलुहान, फिर जंगल में हुआ गायब

 

जमशेदपुर/पटमदा।सुबह का वक्त था, गांव में सब कुछ सामान्य चल रहा था। तभी एक युवक हाथ में टांगी लेकर घर से निकला और रास्ते में जो भी सामने आया, उस पर हमला करता चला गया। अचानक हुए इस खूनी हमले से पूरे गांव में भगदड़ मच गई। अपनी जान बचाने के लिए लोग इधर-उधर भागने लगे। युवक के हमले में पांच लोग घायल हो गए, जिनमें एक 67 वर्षीय बुजुर्ग महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी युवक पास के जंगल में घुस गया और फिर उसका कोई सुराग नहीं मिला।

सनसनीखेज घटना पूर्वी सिंहभूम जिले के पटमदा प्रखंड अंतर्गत बोड़ाम थाना क्षेत्र के पोखरिया गांव की है। घटना रविवार सुबह की बताई जा रही है। घायलों को जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल और पश्चिम बंगाल के बराबाजार सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घर से टांगी लेकर निकला, सबसे पहले बुजुर्ग महिला पर किया हमला

जानकारी के अनुसार, पोखरिया गांव निवासी भीम गोराई का 22 वर्षीय पुत्र शंभू गोराई रविवार सुबह अपने घर से टांगी लेकर निकला था। बताया जाता है कि उसने गांव में सबसे पहले 67 वर्षीय सरस्वती महतो को निशाना बनाया। अचानक हुए हमले में सरस्वती गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ीं। इसके बाद युवक का उत्पात थमा नहीं। वह रास्ते में आगे बढ़ता गया और सामने आने वाले लोगों पर टांगी से हमला करता रहा। देखते ही देखते चार अन्य लोग भी उसकी चपेट में आ गए।घायलों में सरस्वती महतो (67), मामोनी कर्मकार (65), निर्मल प्रमाणिक (60), राजा (17) और बुधनी शामिल हैं।

पिता और ग्रामीणों ने किया पीछा, मोहरीवासा जंगल में घुसा युवक

पांच लोगों को घायल करने के बाद शंभू टांगी लेकर भागने लगा। उसके पिता और ग्रामीणों ने उसे पकड़ने के लिए पीछा किया, लेकिन वह गांव से कुछ दूरी पर स्थित मोहरीवासा जंगल में घुस गया। जंगल में जाने के बाद वह अचानक लापता हो गया। ग्रामीणों ने काफी देर तक जंगल में उसकी तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चल सका। सूचना मिलने पर बोड़ाम थाना की पुलिस भी मौके पर पहुंची और युवक की तलाश में जुट गई। रविवार सुबह करीब 11:30 बजे तक जंगल में उसकी खोजबीन जारी थी।

एक साल से चल रहा था इलाज

ग्रामीणों के मुताबिक, शंभू पिछले करीब एक साल से मानसिक रूप से बीमार है। रांची के कांके में इलाज कराने के बाद फिलहाल घर पर ही उसकी दवा चल रही थी। हालांकि, रविवार सुबह अचानक उसने इस तरह की घटना को अंजाम क्यों दिया, इसकी स्पष्ट वजह सामने नहीं आई है।

एमजीएम में जिंदगी की जंग लड़ रही बुजुर्ग महिला

हमले में गंभीर रूप से घायल सरस्वती महतो को उनके पुत्र वीरेश महतो सुबह करीब आठ बजे जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां उनका इलाज जारी है। वहीं, अन्य घायलों को भी परिजनों ने एमजीएम अस्पताल और पश्चिम बंगाल के बराबाजार सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया है।एक ही सुबह पांच लोगों पर टांगी से हमले की घटना के बाद पोखरिया गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों को आशंका है कि युवक अभी भी जंगल में छिपा हो सकता है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।

error: Content is protected !!