रिम्स जमीन घोटाले में एसीबी का यूपी तक एक्शन; गोरखपुर में तत्कालीन जिला अवर निबंधक के घर छापा, जमीन के कई डीड जब्त

 

राँची। रिम्स जमीन घोटाले की जांच में झारखण्ड एसीबी ने अब उत्तर प्रदेश तक अपनी कार्रवाई का दायरा बढ़ा दिया है। शनिवार को एसीबी की विशेष टीम ने उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में राँची के तत्कालीन जिला अवर निबंधक वैभव मणि त्रिपाठी के आवास पर दबिश दी। विशेष निगरानी न्यायालय, राँची के आदेश पर हुई इस छापेमारी में जमीन से जुड़े कई महत्वपूर्ण दस्तावेज हाथ लगे हैं। टीम ने जमीन के कई डीड बरामद कर उन्हें जब्त कर लिया और अपने साथ राँची ले आई।

एसीबी की इस कार्रवाई को रिम्स की अधिग्रहित जमीन की कथित अवैध खरीद-बिक्री और फर्जी दस्तावेजों के आधार पर रजिस्ट्री कराने के मामले में अहम माना जा रहा है। जांच एजेंसी अब बरामद दस्तावेजों की पड़ताल कर रही है। इन कागजातों से जमीन के लेन-देन और रजिस्ट्री से जुड़े कई अहम पहलुओं का खुलासा होने की संभावना है।

 

एसीबी के अनुसार, भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, राँची थाना कांड संख्या 01/2026, दिनांक 5 जनवरी 2026 के तहत यह कार्रवाई की गई है। इस मामले में वैभव मणि त्रिपाठी को अप्राथमिकी अभियुक्त बनाया गया है। वह राँची में जिला अवर निबंधक के पद पर कार्यरत थे। उनका स्थायी पता उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में है।

21 नवंबर को राँची स्थित विशेष निगरानी न्यायालय से आदेश मिलने के बाद एसीबी की टीम ने उनके गोरखपुर स्थित आवास पर विधिवत तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान जमीन के कई डीड समेत महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद हुए। सभी दस्तावेजों को जब्त कर जांच के लिए राँची लाया गया है।

मामले में भारतीय दंड विधान की विभिन्न धाराओं के साथ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 एवं संशोधित प्रावधानों के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

19 नवंबर को सात ठिकानों पर भी पड़ी थी दबिश

रिम्स जमीन घोटाले में एसीबी की कार्रवाई लगातार तेज हो रही है। इससे पहले 19 नवंबर को जांच एजेंसी ने तत्कालीन सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों से जुड़े सात आरोपियों के अलग-अलग ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की थी।

इस दौरान तत्कालीन भूमि सुधार उपसमाहर्ता मनोज कुमार रंजन के राँची के अरगोड़ा और जमशेदपुर के बालीगुमा स्थित आवास की तलाशी ली गई थी। तत्कालीन अंचल अधिकारी (शहर अंचल) राजेश कुमार के कोकर स्थित आवास पर भी एसीबी की टीम पहुंची थी।

इसके अलावा तत्कालीन जिला अवर निबंधक वैभव मणि त्रिपाठी और अविनाश कुमार के बरियातू स्थित ठिकानों, तत्कालीन जिला अवर निबंधक राहुल कुमार चौबे के मोरहाबादी (राँची) और बोकारो स्टील सिटी स्थित आवास तथा तत्कालीन अंचल अधिकारी शैलेश कुमार के मोरहाबादी और गिरिडीह स्थित ठिकानों पर तलाशी ली गई थी। तत्कालीन अंचल अधिकारी मनोज कुमार के बरियातू स्थित आवास पर भी छापेमारी की गई थी।

जमीन के दस्तावेजों की जांच पर टिकी निगाहें

रिम्स की अधिग्रहित जमीन की कथित अवैध खरीद-बिक्री और फर्जी कागजात के सहारे रजिस्ट्री कराने के मामले में एसीबी की जांच अब कई स्तरों पर आगे बढ़ रही है। लगातार हो रही छापेमारी और दस्तावेजों की बरामदगी से इस मामले में शामिल रहे अधिकारियों और अन्य लोगों की भूमिका जांच के दायरे में है। गोरखपुर से जब्त जमीन के डीड की जांच के बाद एसीबी को इस घोटाले से जुड़े नए सुराग मिलने की उम्मीद है।

error: Content is protected !!