लातेहार में रफ्तार का कहर: पेड़ से टकराई बाइक, दो युवकों की मौके पर मौत, तीसरा जिंदगी और मौत से जूझ रहा
लातेहार। जिले में तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर देखने को मिला। चंदवा थाना क्षेत्र के महादेव मंडा के पास शनिवार की रात एक भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर गुमला से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतकों की पहचान चंदवा थाना क्षेत्र के सुकलकट्ठा गांव निवासी तरुण यादव और कार्तिक उरांव के रूप में हुई है। वहीं, हादसे में गंभीर रूप से घायल तीसरे युवक की पहचान विजय उरांव के रूप में की गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, सुकलकट्ठा गांव के तीनों युवक मोटरसाइकिल से किसी काम से गुमला गए थे। शनिवार की रात वहां से वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान महादेव मंडा के समीप तेज रफ्तार बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को घटना की सूचना दी।
सूचना मिलते ही चंदवा थाना पुलिस एंबुलेंस के साथ घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने तीनों घायलों को तत्काल चंदवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद तरुण यादव और कार्तिक उरांव को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल विजय उरांव को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया।
चंदवा थाना प्रभारी मनोरंजन प्रसाद सिंह ने बताया कि सड़क दुर्घटना में दो युवकों की मौत हुई है। पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है।
सड़क हादसों में मौत का सिलसिला जारी, नवंबर में 12 की गई जान
लातेहार जिले में सड़क दुर्घटनाओं का बढ़ता ग्राफ अब गंभीर चिंता का विषय बनता जा रहा है। आंकड़ों के मुताबिक, नवंबर महीने में अब तक अलग-अलग सड़क हादसों में 12 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 30 से अधिक लोग घायल हुए हैं। वहीं, वर्ष 2026 में अब तक जिले में सड़क दुर्घटनाओं में मरने वालों की संख्या करीब 120 तक पहुंच चुकी है।
हैरानी की बात यह है कि सड़क दुर्घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस लगातार जागरूकता अभियान चला रहे हैं। परिवहन विभाग की ओर से भी नियमित रूप से वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसके बावजूद हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है।सबसे चिंताजनक पहलू यह है कि इन दुर्घटनाओं में बड़ी संख्या में मोटरसाइकिल सवार अपनी जान गंवा रहे हैं। तेज रफ्तार, लापरवाही और यातायात नियमों की अनदेखी सड़क हादसों को और भयावह बना रही है। चंदवा की इस घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

