घने कोहरे ने छीनी 26 साल के युवक की जिंदगी….सड़क पर खड़े ट्रक में पीछे से घुसी बाइक, दूसरा युवक जिंदगी और मौत से जूझ रहा
जमशेदपुर/धालभूमगढ़। घना कोहरा, सड़क पर खराब हालत में खड़ा ट्रक और तेज रफ्तार बाइक… एनएच-18 पर रविवार की भोर हुए भीषण हादसे ने एक परिवार की खुशियां उजाड़ दीं। नूतनगढ़ रेलवे फाटक और गजानन कारखाना के बीच बाइक सीधे सड़क पर खड़े ट्रक के पिछले हिस्से से जा टकरायी। टक्कर इतनी भयावह थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गये और लोहरदगा निवासी 26 वर्षीय युवक की जान चली गयी। वहीं, बाइक पर सवार दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
मृतक की पहचान लोहरदगा निवासी विवेक महली (26) के रूप में हुई है, जबकि घायल युवक चान्हो निवासी शिव शंकर महली (25) बताया गया है। उसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल रेफर किया गया है।
दो बाइक पर सवार होकर ओडिशा जा रहे थे चार युवक
जानकारी के अनुसार, राँची से चार युवक दो बाइक पर सवार होकर ओडिशा के धोलगिरी जा रहे थे। रविवार की भोर धालभूमगढ़ पार करने के बाद वे नूतनगढ़ रेलवे फाटक के समीप पहुंचे। इसी दौरान एनएच-18 पर खाली ट्रक (BR 26GA 0826) खराब होने के कारण सड़क पर खड़ा था। घना कोहरा छाये रहने के कारण बाइक सवारों को ट्रक दिखाई नहीं दिया और तेज रफ्तार बाइक (JH 01GV 6187) सीधे ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी।
हादसे में बाइक सवार विवेक महली की मौके पर ही हालत गंभीर हो गयी, जबकि शिव शंकर महली बुरी तरह घायल हो गये। दूसरी बाइक पर चल रहे उनके साथी इस हादसे में बाल-बाल बच गये।
अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टर ने किया मृत घोषित
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। एनएचएआई की एंबुलेंस से दोनों घायलों को घाटशिला अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया गया। वहां चिकित्सक डॉ. जियाउल हक ने जांच के बाद विवेक महली को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल शिव शंकर को प्राथमिक उपचार के बाद एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर रेफर कर दिया गया। अस्पताल में मृतक की पहचान उसके भाई अमरेंद्र महली ने की। अमरेंद्र ने बताया कि सभी युवक रांची से ओडिशा के धोलगिरी जा रहे थे।
हेलमेट पहनने के बावजूद नहीं बच सकी जान
हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि टक्कर के बाद बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गयी। घटनास्थल पर बाइक के टूटे हुए हिस्से और दो हेलमेट पड़े मिले। बताया जा रहा है कि दोनों युवक हेलमेट पहने हुए थे, लेकिन ट्रक के पिछले हिस्से से हुई जोरदार भिड़ंत उनकी जान पर भारी पड़ गयी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गयी।

