जन्म प्रमाण पत्र के लिए महीनों से लगा रहा था चक्कर, परेशान युवक ने प्रखंड मुख्यालय के सामने उठाया खौफनाक कदम, मचा हड़कंप
दुमका। सरकारी दफ्तरों के चक्कर और जन्म प्रमाण पत्र नहीं बनने से परेशान एक युवक ने शनिवार को सरैयाहाट प्रखंड मुख्यालय के सामने ऐसा कदम उठाने की कोशिश की, जिससे पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई। जन्म प्रमाण पत्र बनवाने के लिए लंबे समय से परेशान रमेश प्रसाद यादव ने प्रखंड मुख्यालय के सामने ही अपने शरीर पर तेल छिड़क लिया। युवक की इस हरकत को देखकर वहां मौजूद लोगों और प्रखंड कर्मियों के बीच हड़कंप मच गया। हालांकि, मौके पर मौजूद लोगों की तत्परता से उसे समय रहते पकड़ लिया गया और एक बड़ी अनहोनी टल गई।
मिली जानकारी के अनुसार, रमेश प्रसाद यादव लंबे समय से अपना जन्म प्रमाण पत्र बनवाने के लिए प्रखंड कार्यालय का चक्कर लगा रहा था। युवक का आरोप है कि पंचायत सचिव की ओर से उसे बार-बार दौड़ाया जा रहा था। कई बार कार्यालय आने के बावजूद उसका प्रमाण पत्र नहीं बन पाया। इसी बात को लेकर वह काफी परेशान था। शनिवार को भी जब उसकी समस्या का समाधान नहीं हुआ तो उसने प्रखंड मुख्यालय के सामने अपने शरीर पर तेल छिड़क लिया।
युवक की इस हरकत के बाद वहां मौजूद लोगों और कर्मचारियों ने तत्काल उसे पकड़ लिया और स्थिति को संभाला। कुछ देर के लिए प्रखंड मुख्यालय परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की जानकारी फैलते ही यह मामला चर्चा का विषय बन गया।
सरकारी दफ्तरों की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
इस घटना के बाद सरकारी कार्यालयों में आम लोगों को होने वाली परेशानियों और प्रमाण पत्र बनवाने की प्रक्रिया को लेकर सवाल उठने लगे हैं। सोशल मीडिया पर भी घटना को लेकर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कई लोगों ने युवक की परेशानी को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन से मामले की जांच कराने और जन्म प्रमाण पत्र बनाने में हो रही देरी का कारण स्पष्ट करने की मांग की है।
लोगों का कहना है कि जन्म प्रमाण पत्र जैसे जरूरी दस्तावेज के लिए किसी व्यक्ति को बार-बार कार्यालय का चक्कर लगाने की नौबत नहीं आनी चाहिए। प्रशासन को युवक की शिकायत की जांच कर उसकी समस्या का जल्द समाधान करना चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा उत्पन्न न हो।
फिलहाल इस घटना ने सरैयाहाट प्रखंड मुख्यालय की कार्यप्रणाली और आम लोगों को सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराने की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

