Jharkhand:साहेबगंज के सुंदरे पहाड़ पर खड़े पोकलेन में किसी ने शुक्रवार क़ी रात आग लगा दी,आग से लाखों की क्षति होने की आशंका है,शाम तक कोई पोकलेन मालिक सामने नहीं आया है।

साहेबगंज।मंडरो के मिर्जाचौकी थाना क्षेत्र के सुंदरे पहाड़ पर खड़े पोकलेन में शुक्रवार की देर रात किसी ने आग लगा दी।आग से एक करोड़ से अधिक की क्षति होने की आशंका है।वहीं देर शाम तक पोकलेन का मालिक सामने नहीं आया था। इस वजह से आशंका जताई जा रही है कि अवैध खनन में उसका उपयोग किया जाता रहा होगा।पोकलेन जलने की सूचना शनिवार की सुबह खबर मिलते ही मिर्जाचौकी थाना प्रभारी शशिभूषण चौधरी, प्रशिक्षु एसआइ राकेश कुमार, एएसआइ दिलबाग सिंह, कृष्ण कुमार साह व पुलिस बल के साथ घटना स्थल पर पहुंचे।

स्थानीय लोगों के अनुसार,जिस जगह पर पोकलेन जलाई गई है उसके आसपास व्यापक रूप से अवैध खनन किया जाता है। खनन माफिया यहां अवैध तरीके से अमोनियम नाइट्रेट व बारूद का प्रयोग करते हुए ब्लास्टिग भी करते हैं। इसका विरोध पहाड़िया समुदाय के लोग करते रहते हैं, लेकिन प्रशासन भी कोई कार्रवाई नहीं कर पाता है।

वहीं बताया जाता है कि अवैध खनन करने वाले लोग दबंग हैं जिस वजह से कोई कुछ स्पष्ट रूप से बोलने को तैयार नहीं है। एक साल पूर्व इसी पहाड़ पर अवैध खनन करने के आरोप में जिला खनन पदाधिकारी ने एक दर्जन से अधिक लोगों पर मिर्जाचौकी थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इसके बाद भी अवैध खनन नहीं रुका।

इस मामले में थाना प्रभारी शशिभूषण चौधरी ने बताया कि शरारती तत्वों ने इस घटना को अंजाम दिया है। घटना स्थल के आसपास अवैध खदान संचालित है। खदान एवं पोकलेन किसकी है यह पता लगाया जाएगा। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।