मोबाइल में फोटो देख भड़का पिता, सोती हुई बेटी को टांगी से काटा…

पलामू।झारखण्ड के पलामू जिले से ‘ऑनर किलिंग’ का एक खौफनाक मामला सामने आया है। यहाँ के लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के लोहरा गांव में एक पिता ने अपनी ही बेटी के प्रेम संबंध से नाराज होकर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी।आरोपी पिता ने रविवार देर रात सोते समय बेटी पर टांगी (कुल्हाड़ी) से ताबड़तोड़ वार किए, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पिता मौके से फरार हो गया है।

​पुलिस और ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, लोहरा गांव के रहने वाले अगस्त कुमार अपनी बेटी अंजलि के प्रेम संबंध को लेकर काफी समय से नाराज चल रहे थे। बताया जा रहा है कि पिता ने अंजलि को मोबाइल फोन पर किसी से बात करते हुए देख लिया था। इसके साथ ही उसके मोबाइल में कुछ तस्वीरें भी देखी थीं, जिससे वह आगबबूला था।


​रविवार की देर रात जब अंजलि अपने कमरे में सोई हुई थी, तभी अगस्त कुमार हाथ में टांगी लेकर वहाँ पहुँचा। उसने सोती हुई अंजलि पर टांगी से जानलेवा हमला कर दिया। वार इतना जोरदार था कि अंजलि की मौके पर ही तड़प-तड़प कर मौत हो गई। हैरान करने वाली बात यह है कि घटना के वक्त घर में अंजलि की माँ और भाई भी मौजूद थे। वारदात के बाद गांव में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए।घटना की सूचना मिलते ही लेस्लीगंज थाना पुलिस मौके पर पहुँची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की गहनता से छानबीन कर रही है।


लेस्लीगंज थाना प्रभारी उत्तम कुमार राय ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा, “यह ऑनर किलिंग का मामला है। पिता ने अपनी बेटी की टांगी से काटकर हत्या की है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई टांगी को बरामद कर लिया है।आरोपी पिता फिलहाल फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।”

error: Content is protected !!