इंस्टाग्राम पर हुआ प्यार, मंदिर में रचाई शादी… 2 घंटे बाद दहेज में मांगे 10 लाख, फिर पति हुआ फरार
कोडरमा।झारखण्ड के कोडरमा जिले से प्रेम, शादी और दहेज उत्पीड़न का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। सतगावां थाना क्षेत्र की रहने वाली 19 वर्षीय युवती ने युवक और उसके परिवार पर शादी का झांसा देकर यौन शोषण करने, दहेज मांगने और प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है।
पीड़िता काजल कुमारी ने ईटाय निवासी रौशन कुमार समेत उसके परिवार के छह लोगों के खिलाफ थाना में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है।
मिली जानकारी के अनुसार, रौशन कुमार अपनी बुआ के घर पचौड़ी गांव आता-जाता था। करीब पांच महीने पहले इंस्टाग्राम के जरिए दोनों की बातचीत शुरू हुई, जो धीरे-धीरे प्रेम संबंध में बदल गई।युवती का आरोप है कि रौशन ने शादी का भरोसा देकर उसके साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए। विरोध करने पर वह धमकी देकर चुप करा देता था।
बताया जा रहा है कि 21 मई की रात रौशन युवती से मिलने उसके घर पहुंचा था। इसी दौरान परिवार वालों और ग्रामीणों ने दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ लिया। गांव वालों के दबाव के बाद रौशन शादी के लिए तैयार हो गया।इसके बाद 22 मई को घोड़सीमर मंदिर में दोनों की शादी करा दी गई।
पीड़िता के मुताबिक, शादी के करीब दो घंटे बाद ही रौशन की मां निर्मला देवी, मौसी नीतू देवी, मामा पिंटू सिंह और अन्य रिश्तेदार उसके घर पहुंचे। उन्होंने दहेज में 10 लाख रुपये नकद और एक मोटरसाइकिल की मांग की।आरोप है कि दहेज नहीं देने पर युवती को घर में प्रवेश नहीं करने देने और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई।
युवती ने बताया कि 23 मई की सुबह रौशन शौच जाने की बात कहकर घर से निकला, लेकिन वापस नहीं लौटा। इसके बाद से उसका मोबाइल फोन भी बंद है।पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि रौशन के पिता सुधीर सिंह और भाई राहुल कुमार ने फोन पर धमकी दी।
मामले को लेकर सतगावां थाना पुलिस ने आवेदन प्राप्त कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

